सीतापुर की बेटी तृप्ति सिंह ने बाइक से नापा नेपाल, मस्टैंग तक का सफर तय कर रचा इतिहास

सीतापुर की तृप्ति सिंह ने 1600 किमी की नेपाल मस्टैंग बाइक यात्रा पूरी कर रचा इतिहास, बनीं जिले की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय बाइकर

May 06, 2026 - 11:44
0 13
सीतापुर की बेटी तृप्ति सिंह ने बाइक से नापा नेपाल, मस्टैंग तक का सफर तय कर रचा इतिहास

सीतापुर। जनपद की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके हौसले आसमान से भी ऊंचे हैं। सीतापुर की तृप्ति सिंह ने अपनी रॉयल एनफील्ड हंटर 350 बाइक से उत्तर प्रदेश के सीतापुर से नेपाल के मस्टैंग तक की चुनौतीपूर्ण अंतरराष्ट्रीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस साहसिक उपलब्धि के साथ ही तृप्ति सीतापुर की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय बाइकर बन गई हैं।

लगभग 1600 किलोमीटर की यह लंबी यात्रा जोखिम भरे पहाड़ी रास्तों, दुर्गम ऑफ-रोड ट्रैक्स और अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों से होकर गुजरी। तृप्ति ने अपना यह सफर सीतापुर से शुरू कर लखनऊ, तानसेन, पोखरा, जोमसोम और मुक्तिनाथ होते हुए नेपाल के मस्टैंग तक पूरा किया। नेपाल के इन रास्तों को दुनिया के सबसे कठिन और रोमांचक रास्तों में गिना जाता है, जहाँ ऑक्सीजन की कमी और खराब मौसम पल-पल परीक्षा लेते हैं।

तृप्ति ने यह सफर लखनऊ के प्रसिद्ध मोटरसाइकिल ग्रुप 'सारथी राइडर्स' के साथ पूरा किया। उल्लेखनीय है कि तृप्ति इससे पहले भी हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली जैसी दुर्गम वादियों की यात्रा कर चुकी हैं। अपनी इस सफलता पर तृप्ति सिंह ने युवाओं, विशेषकर महिलाओं को संदेश देते हुए कहा— "हौसले हों तो कोई भी सपना दूर नहीं।"

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पिता डी.पी. गौतम, माता उर्मिला सिंह, सारथी राइडर्स के संस्थापक मार्कोस जी., वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानप्रकाश सिंह 'प्रतीक' एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। तृप्ति की यह सफलता आज पूरे सीतापुर के लिए गर्व का विषय और नारी शक्ति की नई मिसाल बन गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User