सैनी चौराहे पर अतिक्रमण का राज, मौत को दावत दे रहा अव्यवस्थित यातायात

कौशाम्बी के सैनी चौराहे पर अतिक्रमण और अवैध ठेलों के कारण हर दिन हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस और खाद्य विभाग की चुप्पी से राहगीर परेशान हैं।

Nov 15, 2026 - 17:56
0 2
सैनी चौराहे पर अतिक्रमण का राज, मौत को दावत दे रहा अव्यवस्थित यातायात

कौशाम्बी: जनपद का प्रमुख व्यस्ततम केंद्र माना जाने वाला सैनी चौराहा इन दिनों अतिक्रमणकारियों की गिरफ्त में है। चौराहे के चारों ओर लगभग 200 मीटर के दायरे में अवैध रूप से खड़े ई-रिक्शा, टैक्सियों और ठेला संचालकों ने सड़क को संकरा कर दिया है। हालात यह हैं कि पैदल चलने वाले राहगीरों से लेकर दुपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल स्थानीय थाना और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिराथू के कार्यालय से महज चंद कदमों की दूरी पर चल रहा है, फिर भी जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण चौराहे पर हर वक्त किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। इस चौराहे से भारी और हल्के वाहनों का चौबीसों घंटे आवागमन होता है। सड़क पर फैले ठेलों और बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से वाहनों को मुड़ने तक की जगह नहीं मिलती। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले ही इसी चौराहे के बीचों-बीच एक ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से एक पुलिस कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। आए दिन यहां छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

अतिक्रमण के साथ-साथ यहां खुलेआम और मनमाने तरीके से खाद्य सामग्री भी बेची जा रही है। धूल-मिट्टी के बीच बिक रहे इन खाद्य पदार्थों से लोगों की सेहत पर भी संकट मंडरा रहा है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों के बीच यह चर्चा आम है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यह अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं? अधिकारियों की इसी उदासीनता के चलते अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सैनी चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि राहगीरों का सफर सुरक्षित हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User