जनगणना-2027 होगी हाईटेक: मुक्त विश्वविद्यालय में स्व-गणना पर विशेष कार्यशाला, अब घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का ब्योरा
प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ। विशेषज्ञों ने डिजिटल प्रक्रिया, फॉर्म भरने और सटीक डेटा के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रयागराज। आगामी जनगणना-2027 को पूरी तरह पेपरलेस और आधुनिक बनाने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। इसी क्रम में सोमवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) के सरस्वती परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में 'स्व-गणना' (सेल्फ-एन्यूमरेशन) जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. ए.के. सिंह की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को घर बैठे ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरने की बारीकियां सिखाई गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय की जनगणना नोडल अधिकारी प्रो. श्रुति ने स्वतंत्र भारत की अब तक की 8 जनगणनाओं के ऐतिहासिक सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि 2027 की जनगणना पूरी तरह तकनीक आधारित होगी, जिसमें आम नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कुलसचिव विनय कुमार ने डिजिटलीकरण के लाभ बताते हुए कहा कि ऑनलाइन प्रणाली से न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि मानवीय त्रुटियों की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी। सटीक आंकड़ों से देश की विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी। वहीं, स्कूल ऑफ साइंसेज के निदेशक प्रो. आशुतोष गुप्ता ने जनगणना के शुरुआती चरणों और बुनियादी ढांचे के सर्वेक्षण पर चर्चा करते हुए कहा कि यह केवल सिर गिनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का खाका तैयार करने का माध्यम है।
जनगणना विभाग के सहायक निदेशक जे.के. श्रीवास्तव ने 'हाउसहोल्ड' की परिभाषा स्पष्ट करते हुए समझाया कि एक छत के नीचे रहने और एक ही रसोई का उपयोग करने वाले सदस्य एक परिवार माने जाएंगे। इसके साथ ही नगर निगम के चार्ज ऑफिसर सुदर्शन चंद्रा ने जिले की तैयारियों की जानकारी देते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की।
प्रशिक्षण सत्र में राजस्व निरीक्षक कमलेश पांडेय, फील्ड ट्रेनर रविंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार दीक्षित, मनोज कुमार और रोहित नंदन विश्वकर्मा सहित अन्य मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों के व्यावहारिक सवालों—जैसे बिना मोबाइल वाले परिवारों, किरायेदारों और विदेश में रह रहे सदस्यों की गणना—के सरल समाधान बताए। अंत में जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र की उपस्थिति में डॉ. अनुज कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी से इस डिजिटल अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)