medanta lucknow का विस्तारित लेवल-3 एनआईसीयू: 500 ग्राम वजन के शिशुओं को भी मिली नई जिंदगी
मेदांता लखनऊ के 27 बेड वाले लेवल-3 एनआईसीयू में ई-एनआईसीयू और मदर-नियोनेटल केयर की नई सुविधाएं शुरू हुई हैं। 99% से अधिक सफलता दर के साथ यह यूनिट समय से पहले जन्मे शिशुओं के लिए उम्मीद बन रहा है।
लखनऊ। समय से पहले जन्म और संक्रमण नवजात शिशुओं के जीवन के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक हैं। इन गंभीर चुनौतियों का सामना करने के लिए मेदांता अस्पताल, लखनऊ ने अपने लेवल-3 नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) का विस्तार करते हुए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया है। 27 बेड की क्षमता वाले इस केंद्र ने अब तक 99 प्रतिशत से अधिक नवजात शिशुओं को स्वस्थ कर नई जीवनरेखा दी है।
बीते पांच वर्षों के दौरान इस यूनिट में 3,000 से अधिक गंभीर रूप से बीमार नवजात बच्चों का सफल उपचार किया जा चुका है, जिनमें 500 से अधिक समय से पहले जन्मे शिशु शामिल हैं। इनमें ऐसे बच्चे भी रहे जिनका जन्म केवल 25 से 26 सप्ताह के गर्भ में हुआ और जन्म के समय उनका वजन महज 500 से 600 ग्राम था। देश में नवजात मृत्यु के प्रमुख कारणों—समय से पहले जन्म, संक्रमण, जन्म के समय सांस न ले पाने और जन्मजात विकृतियों—को देखते हुए यह इकाई बेहद प्रभावी साबित हो रही है।
संक्रमण की रोकथाम के लिए समय से पहले जन्मे बच्चों और संक्रमित शिशुओं की देखभाल के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं, जहां इनक्यूबेटर के जरिए शरीर का तापमान नियंत्रित रखा जाता है। अस्पताल ने क्षेत्र का पहला मदर एंड नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट शुरू किया है, जिससे चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार मां और शिशु को साथ रखा जा सकता है। इससे स्तनपान और मातृ देखभाल को बढ़ावा मिलता है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के पहले ई-एनआईसीयू के माध्यम से अन्य अस्पतालों में भर्ती शिशुओं को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेदांता के विशेषज्ञों की निगरानी मिल रही है। दूरदराज के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों व नेपाल से आने वाले बच्चों के लिए विशेष एनआईसीयू एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध है।
जन्म के समय ऑक्सीजन की कमी से मस्तिष्क को संभावित नुकसान से बचाने के लिए थेराप्यूटिक हाइपोथर्मिया (होल बॉडी कूलिंग) और फेफड़ों के उच्च रक्तचाप (पीपीएचएन) के लिए इनहेल्ड नाइट्रिक ऑक्साइड जैसी चौबीसों घंटे चलने वाली उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं। श्वसन सहायता के लिए सीपीएपी, हाई-फ्रीक्वेंसी वेंटिलेशन और एलआईएसए तकनीक का उपयोग किया जाता है।
एनआईसीयू के डायरेक्टर डॉ. आकाश पंडिता के साथ डॉ. अभिषेक पॉल और डॉ. अंकिता परमार की टीम कंगारू मदर केयर, अभिभावक परामर्श और डिस्चार्ज के बाद नियमित विकास जांच के माध्यम से शिशुओं को स्वस्थ भविष्य दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)