अहमदाबाद: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में धूमधाम से मना 'नवोदय फाउंडेशन डे', पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया शुभारंभ

अहमदाबाद के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 5 अगस्त को नवोदय फाउंडेशन डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

Aug 05, 2026 - 20:18
0 1
अहमदाबाद: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में धूमधाम से मना 'नवोदय फाउंडेशन डे', पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया शुभारंभ

अहमदाबाद। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, हाथीजन (अहमदाबाद) में 5 अगस्त को 'नवोदय विद्यालय फाउंडेशन डे' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल और विद्यालय के पुरा छात्र श्री कृष्ण कुमार यादव ने प्राचार्य श्री आर. के. दीक्षित तथा अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गरबा, मणिपुरी नृत्य और देशभक्ति गीतों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि नवोदय विद्यालय शिक्षा, संस्कार, नवाचार और तकनीक का अद्भुत संगम हैं। 5 अगस्त 1985 को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत यह योजना आज 661 विद्यालयों और 19 लाख से अधिक पुरा छात्रों के एक सशक्त परिवार के रूप में देश का गौरव बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 'शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए' के मूल मंत्र के साथ नवोदय आज आधुनिक शिक्षा और भारतीय मूल्यों का समन्वय कर विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण के लिए तैयार कर रहा है। अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में सिविल सर्विसेज में चयन से लेकर आज तक की यात्रा में नवोदय से मिले संस्कार ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहे हैं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री आर. के. दीक्षित ने स्वागत भाषण में कहा कि नवोदय का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखार कर उनमें राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इस दौरान पुरा छात्रों—डॉ. जयेश वाजा, श्री अनुपम परमार और श्री मेघिल चौहान ने भी अपने संस्मरण साझा किए।

फाउंडेशन डे के उपलक्ष्य में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं (मानव, मयूर ठाकोर, मुद्रा और वेद परमार) को पुरस्कृत किया गया। 550 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों, वाइस प्रिंसिपल सुनील महर्षि और शिक्षकवृंद की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User