इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी: कुलपति बोलीं—'कादंबरी' की 64 कलाओं से लेकर नई शिक्षा नीति तक कौशल विकास पर जोर
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गोष्ठी का शुभारंभ हुआ। विशेषज्ञों ने कौशल विकास, शोध, 'लर्निंग बाई डूइंग' और विकसित भारत के विजन पर विचार रखे।
प्रयागराज। भारत की ज्ञान परंपरा में प्राचीन काल से ही कौशल विकास को प्रमुखता दी गई है, जिसका उल्लेख बाणभट्ट रचित 'कादंबरी' की 64 कलाओं में मिलता है और आज नई शिक्षा नीति इन्हीं कलाओं व कौशलों के संवर्धन पर बल दे रही है। यह विचार इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सोमवार को परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गोष्ठी के उद्घाटन सत्र में व्यक्त किए। कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रो. दिव्या रानी सिंह और अमेरिका के रूटगर विश्वविद्यालय की प्रो. शैलजा माथुर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि यह विभाग विज्ञान और कला के संगम पर खड़ा होकर आम जीवन की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करता है। यहां के प्रयोग और प्रैक्टिकल रोजमर्रा के जीवन से जुड़े हैं, वहीं शोध व पेटेंट पर विशेष फोकस से सामाजिक और आर्थिक दोनों तरह के लाभ मिल रहे हैं।
प्रायोगिक शिक्षा और कौशल का महत्व प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने 'लर्निंग बाई डूइंग' यानी करके सीखने की पद्धति पर जोर देते हुए कहा कि केवल पढ़ने की अपेक्षा स्वयं करके और समझकर सीखना अधिक प्रभावी होता है। प्रयोगों के दौरान होने वाली गलतियों से सीखते हुए निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विज्ञान और कौशल के बिना कोई भी पाठ्यक्रम सार्थक नहीं है तथा ज्ञान की सार्थकता तभी है जब वह समाज के काम आए।
विकसित भारत में भूमिका प्रो. दिव्या रानी सिंह ने कहा कि 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को प्राप्त करने में परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। विषय ज्ञान, कौशल, नेतृत्व और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से यह क्षेत्र व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास को गति दे सकता है, बशर्ते पाठ्यक्रमों में समेकन हो और गरीबों व किसानों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए। वहीं, प्रो. शैलजा माथुर ने भारत में सामुदायिक विज्ञान के प्रारंभिक स्वरूप तथा अमेरिका में इसकी वर्तमान दशा और दिशा पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलन और संगीत विभाग के कुलगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संयोजक प्रो. अंजली माथुर ने संगोष्ठी की रूपरेखा रखी और अतिथियों का स्वागत पौधे, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न से किया गया। संचालन डॉ. मोनिशा सिंह ने किया तथा सह-संयोजक डॉ. नीतू मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)