अम्बेडकरनगर पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: सायरन बजते ही परखी गई आपात राहत तैयारियां, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
अम्बेडकरनगर के पुलिस लाइन परिसर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन हुआ। विभिन्न विभागों ने राहत, बचाव, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया का अभ्यास किया।
अम्बेडकरनगर। केंद्र और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए अम्बेडकरनगर के पुलिस लाइन परिसर में 22 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की मौजूदगी में विभिन्न विभागों ने आपात स्थितियों से निपटने की तत्परता का परीक्षण किया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, विभागीय तालमेल, राहत-बचाव दलों की सक्रियता और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना रहा। अभ्यास के दौरान चेतावनी सायरन बजाकर हवाई हमले के संकेत का अभ्यास किया गया, जिसके बाद पुलिस लाइन सहित जनपद के कई हिस्सों में ब्लैकआउट लागू कर आपात कदमों का प्रदर्शन हुआ।
इस दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग बुझाने व नियंत्रण करने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने मौके पर जाकर तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और विभागों के बीच समन्वय का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु ने कहा कि ऐसे अभ्यास जन-धन की सुरक्षा और प्रभावी राहत-बचाव संचालन की तैयारियों का आकलन करने का अहम जरिया हैं। उन्होंने सभी विभागों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की। अभ्यास में पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि अधीक्षण अभियंता (विद्युत), आपदा विशेषज्ञ सूर्यभान और चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)