भारत-ईयू साझेदारी को नई धार: डॉ. एस. जयशंकर ने नीदरलैंड और बुल्गारिया के विदेश मंत्रियों के साथ की अहम द्विपक्षीय वार्ता

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड और बुल्गारिया के समकक्षों से मुलाकात की। सेमीकंडक्टर, एआई, व्यापार, कनेक्टिविटी और भारत-ईयू संबंधों को मजबूत करने पर गहन चर्चा हुई। #एसजयशंकर, #भारतईयूसंबंध, #विदेशनीति, #नीदरलैंड, #बुल्गारिया, #कूटनीति, #नईदिल्ली

Nov 23, 2026 - 21:47
0 0
भारत-ईयू साझेदारी को नई धार: डॉ. एस. जयशंकर ने नीदरलैंड और बुल्गारिया के विदेश मंत्रियों के साथ की अहम द्विपक्षीय वार्ता

नई दिल्ली। यूरोपीय देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने और भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) संबंधों को नई गति देने की दिशा में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन और बुल्गारिया की विदेश मंत्री डॉ. वेलिस्लावा पेट्रोवा के साथ अलग-अलग उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन वार्ताओं में आधुनिक तकनीक, व्यापार, कनेक्टिविटी और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन के साथ हुई बैठक में दोनों नेताओं ने 'भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी रोडमैप 2026–2030' की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों देशों ने व्यापार, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल व साइबर सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु, कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही भारत-ईयू संबंधों को सशक्त बनाने तथा क्षेत्रीय व वैश्विक विषयों पर भी चर्चा हुई।

इससे पूर्व, डॉ. जयशंकर ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री डॉ. वेलिस्लावा पेट्रोवा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा, सुरक्षा और 'टैलेंट मोबिलिटी' (प्रतिभाओं की आवाजाही) जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के संदर्भ में व्यावसायिक आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके अतिरिक्त, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) सहित अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं, काला सागर क्षेत्र की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर भी सार्थक चर्चा हुई।

कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यूरोप के इन दो प्रमुख साझेदार देशों के साथ हुई यह उच्चस्तरीय बातचीत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और यूरोपीय संघ के साथ भारत के रणनीतिक जुड़ाव को नई ऊंचाई प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

(शाश्वत तिवारी)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User