कानपुर कचहरी में अधिवक्ता विजय कुमार को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर किया याद

कानपुर कचहरी में हार्ट अटैक से दिवंगत हुए अधिवक्ता विजय कुमार की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। अधिवक्ता कल्याण संघर्ष समिति के तत्वावधान में वकीलों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Nov 16, 2026 - 18:41
0 0
कानपुर कचहरी में अधिवक्ता विजय कुमार को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर किया याद

कानपुर  : कानपुर कचहरी परिसर स्थित सीएमएम तिराहे पर अधिवक्ता कल्याण संघर्ष समिति के तत्वावधान में हार्ट अटैक से असमय दिवंगत हुए अधिवक्ता विजय कुमार की एक शोक एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। उनके चैंबर के सामने आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता राम बहल विद्यार्थी ने विजय कुमार के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि विजय कुमार एक अत्यंत कुशल प्रैक्टिशनर अधिवक्ता होने के साथ-साथ बेहद मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के धनी थे। वे हर जरूरतमंद की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। कानून की नवीनतम जानकारी रखने और वकालत के पेशे को मजबूत बनाने पर उनका विशेष जोर रहता था। उनके निधन से अधिवक्ता समाज में एक ऐसी रिक्तता आ गई है, जिसकी भरपाई कर पाना असंभव है।

समिति के संयोजक एवं लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा ने घटना को याद करते हुए बताया कि विजय कुमार को पहले न्याय भवन में हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद शताब्दी गेट के पास उन्हें दूसरा गंभीर दौरा पड़ा। साथियों द्वारा उन्हें बचाने के हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने कहा कि एक नियमित और सक्रिय अधिवक्ता का यूं अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है। एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील और सहयोगी बने रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस शोक सभा में बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष अमितेश सिंह, मो. कय्यूम, मो. तौहीद, राजेश वर्मा, अनवारूल हक, सुरेश कुमार, मो. कादिर, यश शुक्ला, आशीष पांडे, सौरभ सिंह, क्षितिज मिश्रा, माला मुखोपाध्याय, जगत सिंह, कुलदीप सक्सेना, अनुज कुमार, अबू बकर, संजीव कपूर सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

(संजय शुक्ला)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User