कानपुर में ‘कार्डियोप्रिवेंट 2026’ का आयोजन: हृदय रोगों से बचाव और आधुनिक तकनीकों पर मंथन

कानपुर में आयोजित ‘कार्डियोप्रिवेंट 2026’ सम्मेलन में देश के दिग्गजों ने कम उम्र में बढ़ रहे हृदय रोगों, प्रदूषण और एआई के दौर में दिल की सेहत सुरक्षित रखने के उपाय बताए।

Oct 24, 2026 - 19:40
0 10
कानपुर में ‘कार्डियोप्रिवेंट 2026’ का आयोजन: हृदय रोगों से बचाव और आधुनिक तकनीकों पर मंथन

कानपुर : कानपुर के मंधना बैराज रोड स्थित एक होटल में हाल ही में एक दिवसीय राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन ‘कार्डियोप्रिवेंट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘विज्ञान से कार्य तक: हृदय रोग रोकथाम का भविष्य’ विषय पर आधारित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों से आए नामचीन हृदय रोग विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कुल 9 वैज्ञानिक सत्रों में 34 विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किए गए, जिसमें दिल की बीमारियों से बचाव और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर गहन मंथन हुआ।

सम्मेलन का शुभारंभ एसजीपीजीआई लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सत्येन्द्र तिवारी, निदेशक प्रो. डॉ. राकेश वर्मा, आयोजन अध्यक्ष डॉ. उमेश्वर पाण्डेय और सचिव डॉ. अवधेश शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने चिंता जताई कि आज की युवा पीढ़ी में कम उम्र में ही दिल के दौरे के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

प्रो. डॉ. सत्येन्द्र तिवारी ने मुख्य रूप से तनाव, मोटापा, मधुमेह, धूम्रपान और उच्च रक्तचाप को युवाओं में हृदय रोगों का मुख्य कारण बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित अंतराल पर अपना ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल चेक कराते रहें।

केजीएमसी के डॉ. अक्षय प्रधान ने सलाह दी कि कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण में आने के बाद कभी भी डॉक्टर की सलाह बिना दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए। वहीं, राम मनोहर लोहिया अस्पताल (दिल्ली) के डॉ. पुनीत अग्रवाल ने खुलासा किया कि वायु प्रदूषण केवल फेफड़ों को ही नहीं, बल्कि सीधे तौर पर दिल की सेहत को भी भारी नुकसान पहुंचा रहा है।

जम्मू-कश्मीर से आए डॉ. नजीब उल्ला सूफी ने आधुनिक तकनीक पर बात करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्मार्टवॉच सेहत की निगरानी में मददगार जरूर हैं, लेकिन इन्हें कभी भी डॉक्टर का विकल्प नहीं समझना चाहिए। स्वयं इलाज करने के बजाय हमेशा विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह लें।

(संजय शुक्ला)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User