गुरु नानक जयंती और गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर श्रद्धा सुमन: नैनी के विद्यालय में विद्यार्थियों ने रखे विचार, आदर्शों पर चलने का संकल्प
प्रयागराज के नैनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र में गुरु नानक देव जी की जयंती और गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
प्रयागराज। नैनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती तथा 'हिंद की चादर' कहे जाने वाले श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पार्चन कर की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषणों के माध्यम से गुरु नानक देव जी और गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं तथा धर्म व राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया। शिक्षिका ईशा अरोड़ा ने अपने संबोधन में गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, सेवा और मानवता के संदेशों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के त्याग, धार्मिक स्वतंत्रता और धर्म रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का उल्लेख करते हुए बच्चों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को दोनों गुरुओं के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। आयोजन में विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)