बेटियों के पराक्रम से चमका स्पोर्ट्स गैलेक्सी मैदान, 'RPS ट्रॉफी 2026' में दिखा महिला शक्ति का दम
लखनऊ में स्व. राम पियारे सुमन की जयंती पर आरपीएस ट्रॉफी 2026 का आयोजन, स्पोर्ट्स गैलेक्सी एलेवेन ने जीता रोमांचक मुकाबला
लखनऊ। राजधानी के पारा स्थित स्पोर्ट्स गैलेक्सी मैदान पर जब बेटियों के बल्लों से चौके-छक्के निकले, तो पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। मौका था पूर्व सांसद, प्रख्यात अधिवक्ता एवं समाजसेवी स्व. राम पियारे सुमन जी की 79वीं जयंती का, जिसे 'उर्मिला सुमन-द फाउंडेशन' एवं 'आरपीएस चैरिटेबल ट्रस्ट' ने एक भव्य महिला क्रिकेट प्रदर्शनी मैच ‘आरपीएस ट्रॉफी 2026’ के रूप में मनाया।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरपीएस एलेवेन ने प्रियांशी यादव (40 रन) और अपेक्षा त्रिपाठी (31 रन) की जुझारू पारियों की बदौलत 20 ओवर में 118 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में, स्पोर्ट्स गैलेक्सी एलेवेन ने जबरदस्त खेल भावना का परिचय दिया। आयुषी श्रीवास्तव के शानदार 42 रनों की बदौलत टीम ने 20वें ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 3 विकेट से खिताबी जीत दर्ज की।
आयोजन की सूत्रधार और स्व. राम पियारे सुमन की पुत्री रीता प्रकाश “मणिकर्णिका” ने कहा कि यह आयोजन बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक जरिया है। सात वर्षों से निरंतर जारी यह मुहिम अब लखनऊ के खेल जगत का एक अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।
बाबू जी की जयंती केवल खेल तक सीमित नहीं रही। अलीगंज सेक्टर जी स्थित राम निवास पार्क में पार्षद पृथ्वी गुप्ता की उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु बेंच लगवाई गईं। कार्यक्रम में यूपीसीए की साइमा अली और लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के शुभांश सहित कई गणमान्य हस्तियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)