गलत दिशा से आई बोलेरो ने ली युवक की जान, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के समन्वय पर उठे सवाल
प्रतापगढ़ में गलत दिशा से आई बोलेरो की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत, अस्पताल और पुलिस में समन्वय की कमी।
(आदर्श भारतीय)
कुंडा/मानिकपुर (प्रतापगढ़)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ममरखापुर मिरगढ़वा के समीप बुधवार शाम करीब 4 बजे, गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुंडा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात पुलिस और अस्पताल प्रशासन के बीच समन्वय की कमी रही। सीएचसी में तैनात डॉक्टर आनंद सिंह ने बताया कि घायल की स्थिति देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन रेफर किए जाने के बाद भी उसे उच्च केंद्र ले जाने के लिए समय पर सहयोग नहीं मिला। घंटों तक घायल युवक सीएचसी में ही पड़ा रहा। उचित और समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और रात करीब 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
युवक की मौत के बाद स्थानीय निवासियों में प्रशासनिक ढुलमुल रवैये को लेकर गहरा गुस्सा है। लोगों का आरोप है कि यदि रेफर के तुरंत बाद उसे प्रयागराज ले जाया गया होता, तो उसकी जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)