एससीएपी ट्रॉफी क्रिकेट सीरीज: शुआट्स ने यूथ क्रिकेट अकादमी को 36 रन से चटाई धूल, सीरीज में 1-0 की बनाई बढ़त
प्रयागराज में आयोजित एससीएपी ट्रॉफी क्रिकेट सीरीज के रोमांचक मुकाबले में शुआट्स ने यूथ क्रिकेट अकादमी को 36 रनों से हराकर 1-0 की बढ़त बनाई। #शुआट्सक्रिकेट #प्रयागराजसमाचार #एससीएपीट्रॉफी #क्रिकेटन्यूज #प्रयागराजखेल #लोकलक्रिकेट #यूपीस्पोर्ट्स
प्रयागराज। एससीएपी (SCAP) ट्रॉफी क्रिकेट सीरीज के पहले रोमांचक मुकाबले में शुआट्स क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ क्रिकेट अकादमी को 36 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ ही शुआट्स की टीम ने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
मंगलवार को शुआट्स के होम ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शुआट्स क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 25 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 145 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अल्तमश ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए 68 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा विराट और अल बशर ने 13-13 रनों का योगदान दिया। यूथ क्रिकेट अकादमी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए राजवीर ने 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि आर्यन सोनकर और अनुप कुमार को एक-एक सफलता मिली।
146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्रिकेट अकादमी की शुरुआत धीमी रही और पूरी टीम 24.1 ओवरों में 109 रनों पर ही ढेर हो गई। यूथ अकादमी की ओर से राजवीर ने 50 रनों की जुझारू अर्धशतकीय पारी खेली और यश सेठ ने 18 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। शुआट्स की घातक गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज पस्त नजर आए; राहुल चौधरी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 9 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अल्तमश और तलहा ने 2-2 विकेट तथा दिव्यांश ने 1 विकेट हासिल किया।
इससे पूर्व, प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन शुआट्स यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर राकेश साहू ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस खेल आयोजन के अवसर पर जेब फारान, अरशद अली, तनवीर अहमद, अब्दुल मबूद आलम सहित कई खेल प्रेमी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।.
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)