नेग को लेकर सड़क पर भिड़े किन्नरों के दो गुट, हाईवे किनारे जुटी भीड़; मानिकपुर पुलिस ने छह को पकड़ा
प्रतापगढ़ के मानिकपुर में सभागंज तिराहे पर नेग मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। हाईवे पर भीड़ जुटी, पुलिस ने छह को गिरफ्तार किया।
कुंडा / प्रतापगढ़ : मानिकपुर थाना क्षेत्र के सभागंज तिराहे पर शुक्रवार को नेग मांगने की बात को लेकर किन्नरों के दो गुटों में जमकर विवाद हो गया। वंशी स्वीट हाउस के सामने शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तनातनी में बदल गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक हुए इस हंगामे से बाजार में भीड़ जुट गई और आवागमन प्रभावित होने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उत्तेजित होकर विवाद करते रहे। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सभागंज तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें वंशी स्वीट हाउस के सामने नेग मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ रहे थे। हाईवे के पास विवाद होने से राहगीरों की भीड़ लग गई थी और यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
पुलिस ने बताया कि प्रथम पक्ष से रेखा उर्फ नन्हे और घनश्याम यादव को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे पक्ष से हसीना, रेशमा, सत्यम और रेखा को हिरासत में लिया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दो चालानी रिपोर्ट तैयार की गई और उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनीत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। मिशन शक्ति टीम की ओर से महिला कांस्टेबल ज्योति मौर्या, श्रुतिका सिंह और कीर्ति सिंह भी मौके पर मौजूद रहीं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, हंगामा या यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)