कानपुर में खेल प्रतिभाओं का जलवा: जिला स्तरीय रोप स्किपिंग चैंपियनशिप 2026 संपन्न, युवाओं ने दिखाए शानदार कौशल

कानपुर के खेलो भारत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय रोप स्किपिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया

Nov 03, 2026 - 21:17
0 2
कानपुर में खेल प्रतिभाओं का जलवा: जिला स्तरीय रोप स्किपिंग चैंपियनशिप 2026 संपन्न, युवाओं ने दिखाए शानदार कौशल

कानपुर : बच्चों और युवाओं को आधुनिक दौर की डिजिटल लत से दूर रखकर खेलकूद से जोड़ने के उद्देश्य से कानपुर में एक अनूठी पहल देखने को मिली है। शहर के बर्रा स्थित खेलो भारत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय 'रोप स्किपिंग चैंपियनशिप 2026' का भव्य आयोजन किया गया। रोप स्किपिंग एसोसिएशन, कानपुर द्वारा क्रीड़ा भारती के विशेष सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 40 से अधिक प्रतिभावान बालक और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश के जॉइंट सेक्रेटरी सौरभ नैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-11, 14, 17, 19 और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने स्पीड हॉप और वन लेग जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में अपनी फुर्ती और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ लेखचन्द्र गुप्ता द्वारा किया गया। वहीं, प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय पैरा स्पोर्ट्स आइकॉन राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता ने शिरकत की, जिन्होंने विभिन्न वर्गों में विजयी रहे खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल की लत और बुरी आदतों से बचाने के लिए खेल सबसे बड़ा माध्यम हैं। खेल न केवल बच्चों का शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना भी पैदा करते हैं। महेंद्र प्रताप सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि कानपुर में रोप स्किपिंग खेल को नई ऊंचाइयां देने और यहां की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

इस सफल आयोजन के दौरान संतोष कुमार गुप्ता, सागर पंवार, सिद्धांत दुबे, सृजन मिश्रा, शुभम कश्यप, निशा सिंह, मोहित, आशीष बाजपेयी, सचिन और श्याम मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

(संजय शुक्ला)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User