कानपुर में सड़कों पर उतरे वकील: जस्टिस अजय भनोट से तुरंत माफी मांगने की मांग, बोले- 'सम्मान से समझौता नहीं'
कानपुर में अधिवक्ताओं ने जस्टिस अजय भनोट के रवैये के खिलाफ नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया और वकील समाज का अपमान बताते हुए उनसे तत्काल माफी की मांग उठाई
कानपुर : इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट के एक कथित फैसले और रवैये को लेकर वकीलों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कानपुर के अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए और डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वार से शताब्दी द्वार तक जोरदार नारेबाजी करते हुए जस्टिस भनोट के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वकील समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि जस्टिस अजय भनोट द्वारा दबाव बनाकर एक सम्मानित अधिवक्ता से पुलिस अधिकारी से माफी मंगवाई गई। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज के आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। कानपुर ही नहीं, बल्कि देशभर के वकील इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के रुख का समर्थन करते हुए पं. रवीन्द्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि न्याय व्यवस्था के भीतर अधिवक्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई जाएगी, तो अधिवक्ता समाज चुप नहीं बैठेगा और ईंट का जवाब पत्थर से देगा। उन्होंने मांग की कि जस्टिस अजय भनोट अपने इस व्यवहार के लिए अधिवक्ता समाज से बिना शर्त तत्काल माफी मांगें।
इस विशाल प्रदर्शन में अधिवक्ता भानु द्विवेदी, सरोज उपाध्याय, शैलेश त्रिवेदी, राम नवल कुशवाहा, आनंद उपाध्याय, राजेश भारती, संजीव कपूर, मनीष यादव, विवेक पांडे, सुमन तिवारी, एनके कटियार, शिवम गंगवार और मोहम्मद इफ्तिखार सहित भारी संख्या में वकील मौजूद रहे।
(संजय शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)