"योगी सरकार का नौवां बजट विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा, विपक्ष फैला रहा भ्रम": फूलपुर विधायक दीपक पटेल
सहसों के शिवाजी डिग्री कॉलेज में आयोजित बजट चौपाल में विधायक दीपक पटेल ने योगी सरकार के बजट को ऐतिहासिक और सर्वहितकारी बताया।
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा पेश किए गए बजट की खूबियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए शनिवार को सहसों स्थित शिवाजी डिग्री कॉलेज के सभागार में 'बजट पर चर्चा' कार्यक्रम के अंतर्गत फूलपुर विधानसभा की एक विशेष चौपाल आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक दीपक पटेल सम्मिलित हुए, जबकि अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह पटेल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीपक पटेल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं 'वन्दे मातरम्' के गायन के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री के कार्यकाल में लगातार नौवीं बार जनहितैषी बजट पेश किया गया है।
दीपक पटेल ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती शासनकाल में इच्छाशक्ति की कमी के कारण बजट केवल कागजों तक सीमित रहता था। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। केंद्र और राज्य के बजट में समाज के हर वर्ग—महिला, किसान, नौजवान, छात्र और व्यापारियों का विशेष ध्यान रखा गया है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चौपालों के माध्यम से जनता के बीच जाकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें।
विधायक ने जोर देकर कहा कि आज प्रदेश में हाईवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है, जो 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत को चरितार्थ करता है। कार्यक्रम का सफल संचालन पवन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर आशीष भारतीय, कमलेश मिश्रा, विधायक मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, प्रधान आदित्य सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0