लाखों दीपों की रोशनी से दमक उठा संगम: प्रयागराज में देव दीपावली पर मां त्रिवेणी की भव्य आरती, सैंड आर्ट व आतिशबाजी ने मोहा मन
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रयागराज के संगम क्षेत्र में देव दीपावली का भव्य आयोजन हुआ,
प्रयागराज। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रयागराज का संगम क्षेत्र लाखों दीप मालाओं की स्वर्णिम छटा से जगमगा उठा। जिला प्रशासन और प्रयागराज मेला प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित देव दीपावली पर्व का दृश्य अत्यंत भव्य और दिव्य रहा। संगम नोज सहित आसपास के घाटों पर प्रज्वलित असंख्य दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र आलोकित हो उठा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक उमड़े। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस विशेष अवसर पर संगम तट पर भव्य गंगा आरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक आतिशबाजी का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा आगंतुकों के लिए सैंड आर्ट (रेत कला) और सेल्फी पॉइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। समारोह में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना, न्यायमूर्ति मदन पाल सिंह, ओडी फोर्ड के कमांडेंट, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व मेलाधिकारी ऋषिराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां त्रिवेणी की भव्य आरती उतारी और दीपदान किया।
पर्व को सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को पहले ही जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, जिसके अनुरूप प्रकाश, सुरक्षा, साज-सज्जा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनसामान्य मौजूद रहे।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)