मैक्स लखनऊ के डॉक्टरों ने 30 वर्षीय युवक के पैंक्रियाज से निकाला दुर्लभ ट्यूमर, 7 दिन में मिली छुट्टी

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल लखनऊ के डॉक्टरों ने रोबोटिक सर्जरी से 30 वर्षीय युवक के पैंक्रियाज का दुर्लभ ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला। सात दिन बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

Nov 24, 2026 - 20:32
0 1
मैक्स लखनऊ के डॉक्टरों ने 30 वर्षीय युवक के पैंक्रियाज से निकाला दुर्लभ ट्यूमर, 7 दिन में मिली छुट्टी

लखनऊ। आधुनिक चिकित्सा तकनीक की मदद से एक बेहद जटिल और दुर्लभ मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ के डॉक्टरों ने रोबोटिक सर्जरी के जरिए 30-वर्षीय मरीज के पैंक्रियाज (अग्न्याशय) में मौजूद दुर्लभ ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया है। जानकारी के अनुसार, मरीज मुश्ताक अली उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के समीप स्थित सराय खास के निवासी हैं।

बताया जा रहा है कि मुश्ताक अली पिछले लगभग चार महीनों से रुक-रुककर पेट में दर्द होने और भूख कम लगने जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे। कई स्थानों पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के बाद उन्होंने मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी और लिवर ट्रांसप्लांट सर्जरी के डायरेक्टर डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी से संपर्क किया। गहन जांच और आवश्यक मेडिकल परीक्षणों के उपरांत यह सामने आया कि उनके पैंक्रियाज के निचले भाग में लगभग 3 × 3 सेंटीमीटर का ट्यूमर विकसित हो गया है।

डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी के नेतृत्व में गठित सर्जिकल टीम ने रोबोटिक पद्धति से पैंक्रियाज के प्रभावित हिस्से के साथ-साथ स्प्लीन (तिल्ली) को भी निकालने का निर्णय लिया। चिकित्सकों के मुताबिक यह ऑपरेशन बेहद संवेदनशील था, लेकिन टीम ने इसे बिना किसी बड़ी जटिलता के सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। सर्जरी के पश्चात मरीज की सेहत में तेजी से सुधार देखा गया। उन्होंने सामान्य रूप से आहार लेना शुरू किया और सात दिनों के बाद उन्हें स्थिर अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

इस सफल सर्जरी को लेकर डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी ने कहा कि पैंक्रियाज का ऑपरेशन स्वभाव से ही काफी जटिल होता है क्योंकि यह अंग पेट के भीतर गहराई में स्थित होता है और इसके समीप कई प्रमुख रक्त वाहिकाएं व महत्वपूर्ण अंग मौजूद रहते हैं। उन्होंने बताया कि रोबोटिक तकनीक के उपयोग से सर्जन को स्पष्ट दृश्यता और अधिक सटीक नियंत्रण प्राप्त होता है, साथ ही छोटे चीरों के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि कम उम्र के पुरुषों में पैंक्रियाज का इस प्रकार का ट्यूमर दुर्लभ श्रेणी में आता है, इसलिए लंबे समय तक पेट दर्द या भूख न लगने जैसे संकेतों को हल्के में नहीं लेना चाहिए और समय पर जांच करानी चाहिए।

(आर.एल.पाण्डेय)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User