करियर डेंटल कॉलेज में डेंटल इम्प्लांटोलॉजी पर CDE कार्यक्रम संपन्न: 200 से अधिक विशेषज्ञों व छात्रों ने साझा किए आधुनिक उपचार के अनुभव

करियर डेंटल कॉलेज और IPS यूपी ब्रांच के संयुक्त तत्वावधान में डेंटल इम्प्लांटोलॉजी पर CDE कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 200 से अधिक विशेषज्ञों व छात्रों ने हिस्सा लिया।

Nov 24, 2026 - 21:57
0 0
करियर डेंटल कॉलेज में डेंटल इम्प्लांटोलॉजी पर CDE कार्यक्रम संपन्न: 200 से अधिक विशेषज्ञों व छात्रों ने साझा किए आधुनिक उपचार के अनुभव

लखनऊ। आधुनिक दंत चिकित्सा में डेंटल इम्प्लांट्स के बढ़ते महत्व और नई तकनीकों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से करियर पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल (करियर डेंटल कॉलेज) के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग और इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी (IPS) – उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रांच के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष सतत दंत चिकित्सा शिक्षा (CDE) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक आयोजन में विभिन्न डेंटल कॉलेजों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स), परास्नातक (पीजी) छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथि वक्ता डॉ. गोपाल गोयल ने "डेंटल इम्प्लांट्स के लिए प्रोस्थेटिक विकल्प" विषय पर व्याख्यान देते हुए आधुनिक तकनीकों और रोगियों के पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) में इम्प्लांट्स की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। केजीएमयू के प्रोफेसर एवं आईपीएस यूपी स्टेट ब्रांच के सचिव डॉ. कमलेश्वर सिंह ने बेहतर और स्थायी दंत उपचार में डेंटल इम्प्लांट्स के महत्व को रेखांकित किया, जबकि आयोजन अध्यक्ष डॉ. कौशिक कुमार पांडेय ने समग्र रोगी प्रबंधन और आधुनिक सर्जिकल पद्धतियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वहीं, आईपीएस यूपी स्टेट ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. रघुवर दयाल सिंह ने आमजन में डेंटल इम्प्लांटोलॉजी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके दीर्घकालिक लाभों को समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

करियर डेंटल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अज़मत अली ने संस्थान में मरीजों की नियमित देखभाल के उच्च मानकों पर अपने विचार रखते हुए गुणवत्तापूर्ण दंत सेवाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. देवेंद्र चोपड़ा, कोषाध्यक्ष डॉ. कौशल किशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक डॉ. अफसर सिद्दीकी और प्राचार्या डॉ. बालासुंदरी श्रीधर सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में संकाय सदस्य डॉ. फौजिया, डॉ. शैली त्यागी, डॉ. अभिषेक कटियार, डॉ. उमर तथा विभिन्न महाविद्यालयों से आए अतिथि शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। विशेषज्ञों ने इस कार्यक्रम को भावी दंत चिकित्सकों के व्यावहारिक व चिकित्सीय ज्ञान को समृद्ध करने की दिशा में उपयोगी बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User