17 को लखनऊ में विधानसभा घेराव करेगी कांग्रेस": अशफाक अहमद
प्रयागराज में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद ने भाजपा पर मनरेगा कमजोर करने का आरोप लगाया और 17 फरवरी को विधानसभा घेराव का एलान किया।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 'मनरेगा बचाव संग्राम' के तहत भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है। प्रयागराज के सहसों में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान गंगापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद ने केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सोची-समझी साजिश के तहत मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने का प्रयास कर रही है।
अहमद ने मनरेगा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि 20 वर्ष पूर्व यूपीए सरकार द्वारा लागू यह कानून ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। कोरोना काल जैसी वैश्विक आपदा में इसी कानून ने करोड़ों गरीबों को भुखमरी से बचाया और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार नए और जटिल नियम थोपकर इस योजना को पंगु बना रही है, जिससे मजदूरों का हक छीना जा रहा है।
अशफाक अहमद ने बताया कि कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। 3 जनवरी से प्रदेश भर में जारी 'गांधीवादी' चौपालों के माध्यम से अब तक 5000 से अधिक जनसभाएं की जा चुकी हैं। इसी क्रम में 13 फरवरी को पदयात्रा निकाली गई और अब आंदोलन के दूसरे चरण की तैयारी है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार, आगामी 17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। अहमद ने चेतावनी दी कि जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर शरद उपाध्याय 'मुन्ना', डॉ. जगत नारायण सिंह, निशा सिंह और सद्दाम हुसैन सिद्दीकी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0