कानपुर में यातायात जागरूकता अभियान व ग्रीन कॉरिडोर की पहल: तीन मरीजों को मिला सुरक्षित रास्ता, ओवरस्पीडिंग पर 280 चालान

कानपुर में यातायात माह के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर से तीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाया और ओवरस्पीडिंग करने वाले 280 वाहनों के चालान काटे। #कानपुर #यातायातपुलिस #ग्रीनकॉरिडोर #सड़कसुरक्षा #कानपुरसमाचार #चालान #यूपीपुलिस #यातायातनियम

Nov 24, 2026 - 21:27
0 1
कानपुर में यातायात जागरूकता अभियान व ग्रीन कॉरिडोर की पहल: तीन मरीजों को मिला सुरक्षित रास्ता, ओवरस्पीडिंग पर 280 चालान

कानपुर। यातायात माह-2026 के अंतर्गत कानपुर नगर यातायात पुलिस ने मंगलवार, 24 नवंबर को शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (यातायात) अभय नाथ त्रिपाठी के निर्देशन में नानाराव घाट, अटल घाट, कोयला घाट, सरसैया घाट और परमट मंदिर क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा दोपहिया व चारपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग न करने से होने वाले जोखिमों की जानकारी दी गई।

इसी क्रम में यातायात पुलिस की ग्रीन कॉरिडोर सेल ने त्वरित तालमेल और तत्परता का परिचय देते हुए तीन गंभीर मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से बिना रुकावट अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय मरीज बलदेव सिंह को एंबुलेंस संख्या UP32EG64796 से भीमराव हेल्थ हॉस्पिटल से शताब्दी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, 50 वर्षीय मरीज बीना को एंबुलेंस संख्या UP93AT7147 से रामादेवी फ्लाईओवर से वैष्णवी हॉस्पिटल और 27 वर्षीय मरीज शिवा गुप्ता को एंबुलेंस संख्या UP32EG6420 से महानगर से हेल्थ हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर देकर सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस को तुरंत रास्ता दें, ताकि समय पर उपचार मिल सके।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तेज रफ्तार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चलाया गया। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दो, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दो और गंगा बैराज पर एक इंटरसेप्टर मोबाइल तैनात की गई। 24 नवंबर को कुल 280 वाहनों के ओवरस्पीडिंग चालान किए गए। इनमें एनएच-34 पर 33 ट्रक, 6 बस और 95 अन्य वाहनों समेत 144 चालान, एनएच-19 पर एक ट्रक, एक बस और 84 अन्य वाहनों समेत 86 चालान तथा गंगा बैराज पर 50 वाहनों के चालान शामिल हैं।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने वाहन चालकों से तेज व लापरवाह ड्राइविंग से बचने, हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, गति सीमा मानने, सुरक्षित ओवरटेकिंग करने, यातायात संकेतों का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने का आह्वान किया है, क्योंकि नियमों का पालन स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User