"मोदी-ट्रम्प ट्रेड डील नहीं, किसानों का 'डेथ वारंट' है: जिला मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी का विस्फोटक प्रदर्शन"
प्रयागराज में आप जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने मोदी-ट्रम्प ट्रेड डील को देश की संप्रभुता पर हमला बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रयागराज : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुई कथित ट्रेड डील के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर शनिवार को प्रयागराज जिला मुख्यालय सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 'आप' कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने कड़े शब्दों में कहा कि यह समझौता व्यापारिक डील नहीं, बल्कि भारतीय किसानों के लिए 'डेथ वारंट' है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अमेरिकी दबाव में आकर भारतीय कृषि बाजार को उनके हितों के लिए खोल दिया है। यादव ने सवाल उठाया कि जब भारतीय उत्पादों पर अमेरिका 18% टैक्स लगा रहा है, तो अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में टैक्स-फ्री एंट्री क्यों दी जा रही है?
प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने कहा कि सरकार ने रूस जैसे पुराने मित्र से सस्ता तेल खरीदना बंद कर अमेरिका और वेनेजुएला से 80,000 करोड़ रुपये महंगा तेल खरीदने का फैसला किया है। सर्वेश यादव ने तंज कसते हुए पूछा, "आखिर ट्रम्प कौन होता है यह तय करने वाला कि भारत किससे क्या खरीदेगा? क्या भारत अब अपने फैसले खुद नहीं ले सकता?"
पार्टी ने आरोप लगाया कि अडानी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और 'एपस्टीन फाइल्स' जैसे अंतरराष्ट्रीय दबावों के कारण प्रधानमंत्री देश के हितों और संप्रभुता से समझौता कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस राष्ट्रविरोधी ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष (श्रम प्रकोष्ठ) अंजनी मिश्रा, बसंत लाल बागी, पल्लवी मालवीया और मोहम्मद रिजवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0