शहरी विकास को नई रफ्तार: पूरे लखनऊ जिले में बढ़ेगा एलडीए का दायरा, बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण और गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तैयारी
सीएम योगी ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा की। पूरे लखनऊ में एलडीए विस्तार, बाराबंकी विकास प्राधिकरण, गाजियाबाद क्रिकेट स्टेडियम और क्षेत्रीय योजना-2051 पर निर्देश दिए गए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सुनियोजित और समग्र शहरी विकास को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की सीमाओं का विस्तार करते हुए पूरे लखनऊ जनपद को इसके दायरे में लाया जाए और इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बाराबंकी में एक नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा, जबकि प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में समाहित करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस कॉरिडोर के एकीकृत नियोजन पर जोर दिया ताकि क्षेत्र में आर्थिक विकास की नई संभावनाओं को साकार किया जा सके। वहीं, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के तहत उन्होंने गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करें और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की जीआईएस (GIS) आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 के प्रारूप को आगामी 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में प्रारूप को अंतिम रूप दिया जाए और आमजन से प्राप्त सुझावों व आपत्तियों का पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र की योजना बनाते समय प्रत्येक जिले की विशिष्ट क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं को केंद्र में रखा जाए—जिसमें लखनऊ में अर्बन रेजिलिएंस, रायबरेली में विनिर्माण व डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि-उद्योग व ईको-टूरिज्म, हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शहरी नियोजन के कार्यों को और अधिक प्रभावी व सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)