अमृतसर में सजेगा चौके-छक्कों का महाकुंभ: पंजाब T10 क्रिकेट लीग की नई तारीखों का हुआ ऐलान

पंजाब टी10 क्रिकेट लीग अब 14 से 20 जून तक अमृतसर में होगी। जानिए नई तारीखें, टीमें और स्टार खिलाड़ी

May 26, 2026 - 21:18
0 4
अमृतसर में सजेगा चौके-छक्कों का महाकुंभ: पंजाब T10 क्रिकेट लीग की नई तारीखों का हुआ ऐलान

(प्रेम कुमार)

चंडीगढ़/अमृतसर : पंजाब के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर आई है। राज्य में पहली बार आयोजित होने जा रही 'पंजाब टी10 क्रिकेट लीग' की नई तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। पहले यह टूर्नामेंट 25 से 31 मई के बीच खेला जाना था, लेकिन अब क्रिकेट फैंस को थोड़ा और इंतज़ार करना होगा। यह धमाकेदार लीग अब 14 जून से 20 जून 2026 तक अमृतसर की 'डैशमेश क्रिकेट अकादमी' में खेली जाएगी।

हाल ही में जीरकपुर के प्रसिद्ध होटल रामाडा एनकोर में इस लीग का एक रंगारंग शुभारंभ किया गया। इस समारोह में टूर्नामेंट की चमचमाती ऑफिशियल ट्रॉफी और सभी टीमों की जर्सियों को लॉन्च किया गया। इस खास मौके पर खेल और मनोरंजन जगत के कई बड़े सितारों ने शिरकत की।

मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता जगजीत संधू, पॉलिउडु अभिनेता-निर्देशक सचिन ऋषि और सेलिब्रिटी क्रिकेटर राजीव ऋषि ने कार्यक्रम में पहुंचकर चार चांद लगाए। इनके अलावा मानवगीत गिल, शिवम कथूरिया, सीरत बाजवा और वीर संधू जैसे कई नामचीन कलाकारों ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई।

टूर्नामेंट के आयोजक 'फरियाद युवक क्लब' (faryad yuvak club) के मुताबिक, इस लीग में पंजाब के अलग-अलग शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली कुल 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं:

  • अमृतसर एलिगेटर्स
  • लुधियाना लायंस
  • पटियाला पैंथर्स
  • बठिंडा बुल्स
  • फिरोजपुर फाल्कन्स
  • जालंधर जगुआर्स
  • मोहाली मॉन्स्टर्स
  • मोगा मोंगूसेस

इस टी10 लीग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पंजाब के उभरते हुए युवाओं को दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने और मैदान पर हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।

टूर्नामेंट में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी और अनुरीत सिंह के अलावा थिसारा परेरा, अजंता मेंडिस (श्रीलंका), क्रिस म्पोफू (जिम्बाब्वे) और आफताब आलम (अफगानिस्तान) जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे खेलते नजर आएंगे। इसके साथ ही कनाडा की नेशनल क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ी भी इस लीग का हिस्सा होंगे।

नए शेड्यूल के मुताबिक, 14 जून से 19 जून तक सभी टीमों के बीच कड़े ग्रुप स्टेज मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद, टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक दिन 20 जून होगा, जब सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे और पंजाब टी10 लीग को उसका पहला चैंपियन मिलेगा।

कम ओवरों के इस सबसे तेज फॉर्मेट में दर्शकों को हर गेंद पर रोमांच और मनोरंजन का ओवरडोज मिलना तय है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User