संग्रामगढ़ हत्याकांड: मासूम बेटे और पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति सुरेश पटेल गिरफ्तार, भेजा गया जेल
संग्रामगढ़ (प्रतापगढ़) :उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नया पुरवा लालू पट्टी गांव में अपने ही दो वर्षीय मासूम बेटे और पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने नामजद पति सुरेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस पूछताछ और शुरुआती विवेचना में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसके मुताबिक यह खौफनाक वारदात एक बेहद मामूली बात पर शुरू हुई थी। आरोपी सुरेश पटेल ने अपनी पत्नी से अपनी वृद्ध मां के पैरों में तेल लगाने के लिए कहा था। पत्नी द्वारा ऐसा करने से मना करने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोक और विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में अंधे हो चुके पति सुरेश पटेल ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही दो वर्षीय मासूम बेटे ईशू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपनी पत्नी नीता पटेल की भी जान ले ली।
घटना के संबंध में 18 अक्टूबर को मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ निवासी लवकुश पटेल (मृतका के भाई) ने संग्रामगढ़ थाने में तहरीर दी थी। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में बीएनएस की धारा 108 की बढ़ोतरी की। संग्रामगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी सुरेश पटेल को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दर्दनाक और जघन्य अपराध में शामिल आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्य संकलित करके सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)