अर्श सिटी में एकजुटता की मिसाल: आपसी सहयोग से दो दिन में बना रावण का पुतला, विकास और भाईचारे का लिया संकल्प
लखनऊ की अर्श सिटी में निवासियों ने आपसी सहयोग से रावण का पुतला बनाकर दहन किया और सभी को साथ लेकर क्षेत्र के संपूर्ण विकास व भाईचारे का संकल्प लिया।
लखनऊ। बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व विजयादशमी पर अर्श सिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने एकजुटता का सुंदर उदाहरण पेश किया। परंपरा को जीवित रखते हुए निवासियों ने इस वर्ष भी मिलकर रावण का पुतला तैयार किया और बुधवार रात 9 बजे उसका दहन किया। इस दौरान अर्श सिटी के साथ केशवपुरम क्षेत्र के भी कई लोग मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले आयोजित माता की चौकी के दौरान समिति के सदस्यों के बीच चर्चा हुई थी कि पुतला बनाने वाले कुछ लोग बाहर जा रहे हैं, इसलिए इस बार आयोजन टालने पर विचार किया जाए। इस पर क्षेत्र के निवासी अभिषेक गुप्ता और उनके साथियों ने आग्रह किया कि परंपरा नहीं टूटनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुतला भले ही छोटा बने, लेकिन रावण दहन हर वर्ष की तरह इस बार भी होना चाहिए। उनकी इस बात पर सभी ने सहमति जताई।
इसके बाद जितेंद्र कुमार, सोमदत्त, अजय सैनी, सागर सैनी, सूर्या, हर्षित, लड्डू, अभिनव गुप्ता (पारुल) और अंकुल गुप्ता (गोलू) ने आपसी सहयोग से मात्र दो दिनों में रावण का पुतला तैयार कर दिया। सीमित समय और संसाधनों के बावजूद युवाओं के उत्साह और मेहनत ने आयोजन को संभव बनाया।
रावण दहन के बाद उपस्थित लोगों ने एकसाथ संकल्प लिया कि क्षेत्र में रहने वाले हर वर्ग और हर तबके के लोगों को साथ लेकर चला जाएगा। सभी ने कहा कि कोई छोटा या बड़ा नहीं होगा और सब मिलकर काम करते हुए क्षेत्र का संपूर्ण विकास करेंगे। उनका कहना था कि ऐसा करने पर ही भगवान श्रीराम की सच्ची पूजा सफल मानी जाएगी।
कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म जलपान और "जय श्री राम" के उद्घोष के साथ हुआ। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में आपसी प्रेम, सहयोग और उत्साह का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छोटे स्तर पर किया गया ऐसा प्रयास समाज में एकता का बड़ा संदेश देता है और आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी परंपराओं से जोड़े रखता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)