मानिकपुर में सूने घर में भड़की आग, सब्जी कारोबारी की गृहस्थी जलकर खाक
मानिकपुर के अदलपुर मोहल्ले में सब्जी कारोबारी रक्षाराम के बंद मकान में शॉर्ट सर्किट की आशंका से आग लगी। फ्रिज, पंखा, लहसुन और दरवाजा जल गए। लाखों का नुकसान, लोगों ने प्रशासन से मदद मांगी।
मानिकपुर। नगर पंचायत मानिकपुर के वार्ड नंबर पांच (नया पुरवा) के अदलपुर मोहल्ले में ताला बंद मकान के भीतर अचानक आग भड़क उठने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घर-गृहस्थी का सामान और सब्जी के कारोबार से जुड़ी सामग्री जलकर राख हो गई। परिवार को लाखों रुपये की चपत लगने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार अदलपुर निवासी रक्षाराम, पुत्र रामपाल, सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह कारोबार के सिलसिले में बाबूगंज मंडी गए हुए थे, जबकि बच्चे स्कूल जा चुके थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था और मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ा था। करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसियों ने मकान से धुआं उठते देखा। कुछ ही देर में भीतर से लपटें निकलने लगीं, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
शोर मचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए। सूचना मिलने पर रक्षाराम भी मंडी से दौड़े-दौड़े घर लौटे। लोगों की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा ज्यादातर सामान जल चुका था।
आग की चपेट में एक बोरा लहसुन, फ्रिज, सीलिंग फैन समेत कई घरेलू वस्तुएं पूरी तरह बर्बाद हो गईं। तेज तपिश से मकान का मुख्य दरवाजा भी झुलसकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग बुझने के बाद घर के भीतर जला और बिखरा सामान ही नजर आया।
बताया जा रहा है कि मकान में बिजली का कनेक्शन है और सोलर पैनल भी स्थापित है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रक्षाराम के मुताबिक आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। रोजी-रोटी से जुड़ा सामान नष्ट होने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। पीड़ित परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं रही। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जाए, नुकसान का आकलन कराया जाए और परिवार को जल्द से जल्द मदद उपलब्ध कराई जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)