hdfc bank ने 'साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान' के तहत 1.8 लाख से अधिक नागरिकों को किया जागरूक
एचडीएफसी बैंक ने देशभर में 8,800 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित कर 1.8 लाख से ज्यादा नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक किया।
लखनऊ : देश के अग्रणी निजी क्षेत्र के बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और आम जनता को सतर्क करने के उद्देश्य से एक विशाल राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया है। बैंक ने अपने 'साइबर फ्रॉड सुरक्षा' जागरूकता अभियान के अंतर्गत देश भर में 8,800 से अधिक कार्यशालाओं का सफल आयोजन किया। जुलाई से अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित इन विशेष कार्यशालाओं के माध्यम से बैंक ने 1.8 लाख से अधिक नागरिकों तक सीधी पहुँच बनाकर उन्हें सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के गुर सिखाए।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों और आम जनता को साइबर अपराध के नए और आधुनिक तरीकों से अवगत कराना था। इन इंटरैक्टिव सत्रों के दौरान स्कूली व कॉलेज के छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स (RWA), कॉर्पोरेट कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्राहकों को वास्तविक जीवन के उदाहरणों, कहानियों और वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूक किया गया। इसमें बताया गया कि जालसाज किस तरह अलग-अलग हथकंडों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
कार्यशालाओं में हाल के दिनों में तेजी से उभरे साइबर अपराधों जैसे 'डिजिटल अरेस्ट', निवेश और नौकरी के नाम पर होने वाले घोटाले, खतरनाक एपीके (APK) फाइल स्कैम और फर्जी क्यूआर (QR) कोड स्कैम पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा, नेट-बैंकिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान ध्यान रखी जाने वाली सावधानियों पर जोर दिया गया और बैंक के चर्चित 'विजिल आंटी' जागरूकता पहल के महत्व को रेखांकित किया गया। प्रतिभागियों को सख्त सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV), कार्ड विवरण या यूपीआई पिन किसी के साथ भी साझा न करें।
एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट इंटेलिजेंस एंड कंट्रोल विभाग के सीनियर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट श्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण ही अक्सर लोग साइबर धोखाधड़ी का शिकार बनते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)