सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट: सावित्री देवी क्लब और जैदी क्लब 'ए' ने दर्ज की शानदार जीत
प्रयागराज में सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में सावित्री देवी क्लब और जैदी क्लब 'ए' ने शानदार जीत दर्ज की। कमल सिंह और हर्षवर्धन ने घातक गेंदबाजी की
प्रयागराज: मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के दो प्रमुख मैचों में सावित्री देवी क्लब ने जैदी इंडोर क्लब 'बी' को 32 रनों से हराया, जबकि जैदी इंडोर क्लब 'ए' ने एमआईसी 'बी' पर नौ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस दौरान सावित्री देवी क्लब के गेंदबाज कमल सिंह चंदेल और जैदी इंडोर क्लब 'ए' के हर्षवर्धन ने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी टीमों की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में सावित्री देवी क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 100 रन का स्कोर खड़ा किया। सावित्री देवी क्लब की ओर से विशेष मिश्र ने सर्वाधिक 22 रन, शुभम सोनकर ने 15 रन और विवेक यादव ने 13 रनों का योगदान दिया। जैदी इंडोर क्लब 'बी' की ओर से गेंदबाजी करते हुए शुभ सोनी ने 3 विकेट (18 रन देकर) झटके, जबकि आर्यन मिश्र और अर्श अहमद ने 2-2 विकेट हासिल किए।
101 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैदी इंडोर क्लब 'बी' की पूरी टीम सावित्री देवी क्लब की सधी हुई गेंदबाजी के आगे पस्त हो गई और 15 ओवरों में महज 68 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए सत्या ने 19 और वीर प्रताप ने 17 रन बनाए। सावित्री देवी क्लब के स्टार गेंदबाज कमल सिंह चंदेल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मात्र 8 रन देकर 5 विकेट झटके। शानदार गेंदबाजी के लिए पूर्व रणजी क्रिकेटर और यूपीसीए के सीनियर चयनकर्ता आशीष विंस्टन जैदी ने कमल सिंह चंदेल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
दिन के दूसरे मुकाबले में एमआईसी 'बी' ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में 81 रन बनाए, जिसमें अब्दुर रहमान ने नाबाद 15 रन और मोहम्मद बेलाल ने 14 रन जोड़े। जैदी क्लब 'ए' के गेंदबाज हर्षवर्धन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए, वहीं हर्षित तिवारी को 3 विकेट मिले। जवाब में 82 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैदी इंडोर क्लब 'ए' ने महज 7.5 ओवरों में 1 विकेट खोकर 83 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के हर्ष राज सिंह ने नाबाद 45 रन और देवांश कुमार स्वप्निल ने नाबाद 28 रन बनाए। हर्ष राज सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग की कमान राहुल सिंह व मोहम्मद नबी ने संभाली, जबकि स्कोरिंग का कार्य मोहम्मद सैफ और खुर्शीद अहमद ने किया।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)