चबुतरी मैजिकल स्टार की 'मैजिकल' जीत, रोमांचक मोड़ पर टाई हुआ पहला सेमीफाइनल
प्रयागराज में रसूलपुर प्रीमियर लीग का पहला सेमीफाइनल टाई, चबुतरी मैजिकल स्टार एक रन की रोमांचक जीत के साथ अंतिम चार में।
प्रयागराज (आनंदी मेल ब्यूरो): संगम नगरी के मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर चल रही रसूलपुर प्रीमियर लीग (RPL) अपने निर्णायक और बेहद रोमांचक दौर में पहुँच गई है। सोमवार को खेले गए मुकाबलों में जहाँ चबुतरी मैजिकल स्टार ने महज़ एक रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया, वहीं पहला सेमीफाइनल मुकाबला बराबरी पर छूटने के कारण अब मंगलवार को सुपर ओवर से इसका फैसला होगा।
दिन के पहले मैच में चबुतरी मैजिकल स्टार और यूथ फैब्रिकेशन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। चबुतरी मैजिकल स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 88 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें नईम उल्ला ने शानदार 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ फैब्रिकेशन की टीम अंतिम गेंद तक संघर्ष करने के बावजूद 3 विकेट पर 87 रन ही बना सकी और मात्र एक रन के अंतर से मैच गँवा दिया। कुतुबुद्दीन ने नाबाद 31 और संजय शर्मा ने 20 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच से पूर्व वार्ड नंबर 77 के पूर्व पार्षद वसीम अहमद (गुड्डू) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल प्रयाग पेंट और वसीयाबाद टाइगर के बीच खेला गया, जो किसी हाई-वोल्टेज ड्रामे से कम नहीं था। प्रयाग पेंट ने पहले खेलते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 130 रनों का विशाल स्कोर बनाया (सैयां 46, दिव्यांश 33)।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वसीयाबाद टाइगर की टीम ने भी करारा जवाब दिया। मोहम्मद आरिफ की 59 और फैयाज अली की नाबाद 45 रनों की पारी की बदौलत टीम ने भी ठीक 130 रन बनाए। मैच टाई होने के बाद खराब रोशनी के कारण सुपर ओवर नहीं हो सका। अब यह रोमांचक मुकाबला मंगलवार सुबह सुपर ओवर के जरिए पूरा किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद दूसरा सेमीफाइनल और फिर खिताबी भिड़ंत (फाइनल) होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0