मानिकपुर का ऐतिहासिक बालि बध मेला मिलिट्री ग्राउंड में शुरू: मां ज्वाला देवी धाम से निकली रामादल की झांकी

प्रतापगढ़ के मानिकपुर में दो दिवसीय ऐतिहासिक बालि बध मेला मिलिट्री ग्राउंड में भव्य झांकियों और सुरक्षा के बीच शुरू हुआ, जहां आज दंगल और नौटंकी होगी।

Oct 27, 2026 - 20:46
0 2
मानिकपुर का ऐतिहासिक बालि बध मेला मिलिट्री ग्राउंड में शुरू: मां ज्वाला देवी धाम से निकली रामादल की झांकी

कुंडा-प्रतापगढ़: धार्मिक नगरी मानिकपुर में आस्था और परंपरा के प्रतीक दो दिवसीय ऐतिहासिक 'बालि बध मेला' का शुभारंभ मिलिट्री ग्राउंड में हो गया है। मेले के पहले दिन मां ज्वाला देवी धाम से रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर रामादल की भव्य झांकी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

रामलीला कमेटी के प्रबंधक सुनील कुमार सोनकर और अध्यक्ष महेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में निकले रामादल के आगे सात घोड़ों का दल चल रहा था। सलिल श्रीवास्तव और विपिन की अगुवाई में निकली इस शोभायात्रा का रास्ते में नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल 'डिंपू भैया' ने भव्य स्वागत किया और प्रतीक चिन्ह व अंगवस्त्रम भेंट किए। ज्वाला देवी धाम चौराहा, सभागंज, बभनपुर और इंटर कॉलेज मार्ग से होते हुए जब झांकी मिलिट्री ग्राउंड पहुंची, तो कमेटी के सदस्यों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की आरती उतारकर स्वागत किया।

मानिकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा, जिसमें सादे कपड़ों में भी जवान तैनात किए गए थे। मेले में सजाई गई मनमोहक लाइटिंग की झांकियों और कलाकारों के शानदार नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया, जो देर रात तक चलता रहा। इसके बाद आयोजित जवाबी कीर्तन का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया और विजेता-उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मेला प्रबंधक सुनील कुमार सोनकर ने किया।

आज होगा दंगल और नौटंकी का आयोजन मेले के दूसरे दिन यानी बुधवार को मिलिट्री ग्राउंड पर मुख्य आकर्षण के रूप में प्रदेश स्तरीय इनामी दंगल का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रात्रि के समय दर्शकों के मनोरंजन के लिए शानदार नौटंकी प्रस्तुत की जाएगी, जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User