शोक में डूबे गांव पहुंचे सांसद और विधायक, कहा- "दुख की घड़ी में हम साथ हैं"

संग्रामगढ़ के डांडिया खनवारी गांव में नहर में डूबी तीन बच्चियों के परिजनों को सांसद और विधायक ने प्रदान की आर्थिक सहायता

May 03, 2026 - 19:11
0 100
शोक में डूबे गांव पहुंचे सांसद और विधायक, कहा- "दुख की घड़ी में हम साथ हैं"

(आदर्श भारतीय)

प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के डांडिया खनवारी गांव में शारदा सहायक नहर में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की हुई दर्दनाक मौत के बाद रविवार को जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और आर्थिक सहायता प्रदान की। घटना के बाद पूरे गांव में अब भी गमगीन माहौल बना हुआ है। 

बताया जाता है कि 5 मार्च को डांडिया खनवारी गांव के पास शारदा सहायक नहर में डूबने से रामनरेश यादव की दो पुत्रियां आंचल और रिया तथा अनिल कुमार पटेल की पुत्री मोहिनी की मौत हो गई थी। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। रविवार को कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उनके साथ रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा और सपा जिला उपाध्यक्ष अब्दुल जिलानी भी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।इस दौरान प्रत्येक पीड़ित परिवार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों ने शासन स्तर से आवास समेत अन्य सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

गांव के लोगों ने जनप्रतिनिधियों से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने की भी मांग उठाई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर शिवकुमार यादव, छोटेलाल यादव, विमल कुमार सरोज, मेवालाल, संतोष कुमार पटेल, हिमांशु सेन, अयोध्या प्रसाद, सुखदेव, नन्हेंलाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। घटना के बाद गांव में अब भी मातम पसरा हुआ है और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User