घर के पास मिली डॉक्टरी सलाह, ग्रामीणों ने सरकारी पहल को सराहा

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं बांटी गईं

May 03, 2026 - 19:09
0 67
घर के पास मिली डॉक्टरी सलाह, ग्रामीणों ने सरकारी पहल को सराहा

(आदर्श भारतीय)

मानिकपुर, प्रतापगढ़ : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य परीक्षण कराने पहुंचे। डॉक्टरों की मौजूदगी में मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

स्वास्थ्य मेले में तैनात चिकित्सक डॉ. जेबा मुमताज ने दोपहर दो बजे तक करीब 45 मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान बुखार, सर्दी-जुकाम, कमजोरी, पेट दर्द, शुगर, रक्तचाप और मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। डॉक्टर ने मरीजों को गर्मी और बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी। मेले में फार्मासिस्ट सुभाष सिंह द्वारा मरीजों को दवाओं का वितरण किया गया।

वहीं वार्ड बॉय सुनील दत्त ने व्यवस्थाओं को संभाला। लैब टेक्नीशियन फूलचंद द्वारा मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं, जिसमें एनसी, टाइफाइड और शुगर टेस्ट शामिल रहे। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य मेले में सविता द्वारा महिलाओं को फैमिली प्लानिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच से संबंधित जानकारी दी गई। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान सावधानियों और समय-समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर दिखाई दी। स्वीपर अरविंद और वार्ड आया निशा ने पूरे मेले के दौरान सफाई व्यवस्था संभाली, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

मेले में काजल सोनकर निवासी काछी पट्टी, सोनी देवी निवासी ऊंचाहार, कन्हैयालाल निवासी सहजनी, सीमा निवासी अलीपुर, राधा निवासी शाहाबाद, फरहीन बानो निवासी खानकाह समेत क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। डॉ. जेबा मुमताज ने बताया कि जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर बीमारियों की पहचान कर उपचार किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बीमारी को नजरअंदाज न करें और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराते रहें। स्वास्थ्य मेले को लेकर ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने सरकार द्वारा गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने की सराहना की।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User