कुंडा में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब: काजीपुर महराजगंज से निकली भव्य हनुमान शोभायात्रा

कुंडा के काजीपुर महराजगंज से निकली भव्य हनुमान शोभायात्रा। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जय श्रीराम के जयकारों से गूँजा पूरा नगर

Apr 03, 2026 - 12:08
0 8
कुंडा में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब: काजीपुर महराजगंज से निकली भव्य हनुमान शोभायात्रा

कुंडा (प्रतापगढ़) : हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को कुंडा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। काजीपुर महराजगंज गाँव से निकाली गई विशाल शोभायात्रा ने पूरे कुंडा नगर को राममय कर दिया। पूर्व प्रधान अखिलेश प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य आयोजन में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

शोभायात्रा की शुरुआत काजीपुर गाँव से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कुंडा नगर तक पहुँची। यात्रा में शामिल सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लिए 'जय श्रीराम' और 'जय बजरंगबली' के उद्घोष कर रहे थे। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।

इस शोभायात्रा में प्रभु राम, लक्ष्मण, माता सीता और संकटमोचन हनुमान की जीवंत झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। नगर भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई।

धार्मिक आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम वाचस्पति सिंह, क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ गुप्ता और इंस्पेक्टर मनोज पांडेय भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। अधिकारियों की सक्रियता से पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। यात्रा के समापन पर सामूहिक आरती हुई, जिसके बाद विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User