ब्रॉडबैंड की रेस में एयरटेल बना नंबर-1, स्पीड और भरोसे में जियो और बीएसएनएल को छोड़ा पीछे
ओपनसिग्नल की नई रिपोर्ट में एयरटेल को भारत का सर्वश्रेष्ठ होम इंटरनेट घोषित किया गया है। विश्वसनीयता और इंटरनेट स्पीड समेत सभी पांच श्रेणियों में एयरटेल ने जियो-बीएसएनएल को पछाड़ा।
लखनऊ : भारत के फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और होम इंटरनेट बाजार में टेलीकॉम कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच नेटवर्क एनालिटिक्स कंपनी ओपनसिग्नल (Opensignal) ने आज अपनी ताजा रिपोर्ट जारी कर दी है। इस रिपोर्ट में देश की तीन प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों— एयरटेल, जियो और बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवाओं का गहन तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है। विश्वसनीयता, निरंतर गुणवत्ता, डाउनलोड स्पीड, अपलोड स्पीड और वीडियो अनुभव जैसे पांच मुख्य मानकों पर आधारित इस सर्वे में एयरटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के 'सर्वश्रेष्ठ होम इंटरनेट' का खिताब अपने नाम किया है। कंपनी ने इन सभी पांचों श्रेणियों में पहला स्थान हासिल कर अपनी बादशाहत साबित की है।
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, भरोसेमंद कनेक्टिविटी के मामले में एयरटेल ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी जियो को 15 प्रतिशत के अंतर से मात दी है। 100 से 1,000 के विश्वसनीयता पैमाने पर एयरटेल को 486 अंक प्राप्त हुए, जबकि जियो 423 अंकों के साथ 63 अंक पीछे रहा। वहीं, ओवरऑल इंटरनेट स्पीड की बात करें तो एयरटेल ने जियो के मुकाबले 26 से 27 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है। दिलचस्प बात यह है कि इंटरनेट स्पीड की इस दौड़ में सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल (BSNL) दूसरे स्थान पर रही। बीएसएनएल डाउनलोड गति में एयरटेल से महज 0.5 एमबीपीएस और अपलोड गति में 0.8 एमबीपीएस पीछे रही।
पारंपरिक ब्रॉडबैंड के अलावा फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) यानी एयरफाइबर सेवाओं में भी एयरटेल ने क्लीन स्वीप करते हुए सभी पांच पुरस्कार जीते हैं। एफडब्ल्यूए श्रेणी में एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 32.4 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 20.7 एमबीपीएस दर्ज की गई। इस सेगमेंट में जियो की डाउनलोड स्पीड 25.7 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 17.1 एमबीपीएस रही, जिससे एयरटेल क्रमशः 6.7 एमबीपीएस और 3.6 एमबीपीएस आगे रहा।
निरंतर गुणवत्ता (Consistent Quality) और एफडब्ल्यूए विश्वसनीयता में भी एयरटेल ने बाजी मारी है। एयरटेल के 66.2 प्रतिशत परीक्षणों में गुणवत्ता के उच्च मानक पूरे हुए, जबकि जियो का आंकड़ा 55 प्रतिशत पर सिमट गया। एफडब्ल्यूए विश्वसनीयता स्कोर में एयरटेल 450 अंकों के साथ जियो (382 अंक) से 68 अंक यानी 18 प्रतिशत आगे रहा। इस रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि तेज और बिना रुकावट वाले होम इंटरनेट के मामले में एयरटेल फिलहाल ग्राहकों की पहली पसंद बनकर उभरा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)