कौशाम्बी: दो दशक के संघर्ष को याद कर नीम के पेड़ से लिपटकर भावुक हुए अजय सोनी, किसानों की समस्याओं पर सकिपा का हल्लाबोल

कौशाम्बी के मंझनपुर में समर्थ किसान पार्टी ने खाद, बिजली और सिंचाई के मुद्दों पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नेता अजय सोनी 20 साल पुराने आंदोलन के गवाह रहे नीम के पेड़ से लिपटकर भावुक हो उठे।

Nov 16, 2026 - 18:38
0 0
कौशाम्बी: दो दशक के संघर्ष को याद कर नीम के पेड़ से लिपटकर भावुक हुए अजय सोनी, किसानों की समस्याओं पर सकिपा का हल्लाबोल

कौशाम्बी : कौशाम्बी जनपद के जिला मुख्यालय मंझनपुर में सोमवार, 16 नवंबर को समर्थ किसान पार्टी (सकिपा) के तत्वावधान में किसानों, गरीबों और आम जनता की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ हल्लाबोल किया और दस सूत्रीय मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

प्रदर्शन से पूर्व सभी कार्यकर्ता जिला पंचायत परिसर में एकत्रित हुए। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय सोनी अपने दो दशक से अधिक लंबे संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर को याद कर बेहद भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि आज से ठीक 20 साल पहले, 16 नवंबर 2006 को कम उम्र में ही उन्होंने नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर मंझनपुर स्थित डायट परिसर के एक नीम के पेड़ के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।

अजय सोनी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि 2005 में कई एकदिवसीय प्रदर्शनों के बाद जब सुनवाई नहीं हुई, तो कुछ साथियों संग दिन-रात का लगातार चार महीने लंबा धरना दिया गया। इस कड़े संघर्ष के बाद ही सूखी पड़ी करारी माइनर नहर में 25 वर्षों बाद पानी आ सका था। कलेक्ट्रेट की ओर मार्च करते समय जब काफिला डायट परिसर के पास पहुंचा, तो अजय सोनी उसी ऐतिहासिक नीम के पेड़ से लिपटकर भावुक हो गए, जिसकी छांव में उन्होंने चार महीने गुजारे थे।

इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (ADM) ओम प्रकाश गुप्ता को दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से नहरों में तत्काल जलापूर्ति, सहकारी समितियों से किसानों को खाद वितरण, नलकूपों के लिए ट्रांसफार्मर-खंभा व तार उपलब्ध कराने, कृषि फीडर को 12 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति, जर्जर सड़कों की मरम्मत और जल जीवन मिशन के तहत हर गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग उठाई गई।

अपर जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस प्रदर्शन में प्रयागराज मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी, राजेश गौतम, फूलचंद्र लोधी, डॉ. राम प्रताप विश्वकर्मा, वेद यादव, राजवंत सिंह, रोहित सोनी, वीरेंद्र सिंह, राजू सिंह, जुम्मन अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User