छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम और एसपी ने किया प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण
अम्बेडकरनगर में छठ महापर्व के मद्देनजर डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह ने चहौड़ा, रामबाग व कम्हरिया घाट का निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश दिए।
अम्बेडकरनगर: लोक आस्था के महापर्व छठ को सकुशल और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील आलापुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। आला अधिकारियों ने चहौड़ा घाट, रामबाग घाट और राजेसुल्तानपुर स्थित कम्हरिया घाट पहुंचकर वहां की जमीनी हकीकत और तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व शुरू होने से पूर्व सभी घाटों पर युद्धस्तर पर साफ-सफाई, गहरे पानी में सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए इन व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों के प्रवेश व निकास मार्गों और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)