कौशाम्बी: सिराथू के फरीदगंज में हरे आम के पेड़ों पर धड़ल्ले से चल रही आरी, वन विभाग की कार्यशैली पर खड़े हुए बड़े सवाल
कौशाम्बी के सिराथू तहसील क्षेत्र में हरे-भरे आम के पेड़ों की अवैध कटाई से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों के बार-बार शिकायत के बावजूद वन विभाग सोया हुआ है।
कौशाम्बी : कौशाम्बी जनपद के सिराथू तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरीदगंज गांव में पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचाने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय आम के बगीचों में लकड़ी के ठेकेदारों द्वारा हरे-भरे और फलदार पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का सिलसिला पिछले कई महीनों से लगातार जारी है, जिससे प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली नष्ट हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कटाई की जानकारी होने के बावजूद स्थानीय वन विभाग और जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह से अनजान बने हुए हैं। महीनों से चल रहे इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराने का प्रयास किया, परंतु आज तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि क्या यह सब कुछ वन विभाग के अधिकारियों की मौन सहमति और मिलीभगत से हो रहा है? उनका सवाल है कि इस प्रकार प्रकृति और जिंदा पेड़ों पर हो रहे इस अत्याचार को रोकने के लिए आखिर कोई प्रभावी उपचार क्यों नहीं किया जा रहा है?
स्थानीय निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि फरीदगंज में चल रही पेड़ों की इस अवैध कटाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। इसके साथ ही, इस गोरखधंधे में लिप्त ठेकेदारों और लापरवाह जिम्मेदार अधिकारियों की संलिप्तता की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की हरकतों की पुनरावृत्ति न हो सके।
(आदर्श)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)