#गंगाएक्सप्रेसवे पर आधी रात से टोल वसूली शुरू : मेरठ से प्रयागराज का सफर अब होगा हाई-टेक और तेज
गंगा एक्सप्रेसवे पर आधी रात से टोल वसूली शुरू। मेरठ से प्रयागराज तक कार का सफर ₹1500 में, जानें पूरी रेट लिस्ट।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विकास रथ में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के भव्य उद्घाटन के बाद, अब इस पर सफर करने वालों को अपनी जेब ढीली करनी होगी। यूपीडा (UPEIDA) के अनुसार, आज रात 12 बजे (गुरुवार) से इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर आधिकारिक रूप से टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी ।
किलोमीटर के हिसाब से तय हुई दरें
एक्सप्रेसवे पर सफर को सुगम बनाने के लिए अत्याधुनिक टोल प्लाजा और इंटरचेंज पहले ही सक्रिय किए जा चुके हैं। यूपीडा के मुख्य अभियंता राज चौधरी ने स्पष्ट किया कि टोल की गणना 'जितना चलें, उतना दें' के सिद्धांत पर आधारित है। यानी वाहन चालक जिस पॉइंट से प्रवेश करेंगे और जहां एग्जिट करेंगे, उसी दूरी के आधार पर फास्टैग (FASTag) से स्वतः भुगतान हो जाएगा।
वाहन श्रेणी और टोल दरें (प्रति किलोमीटर):
| वाहन का प्रकार | दर (प्रति किमी) |
| दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर | ₹1.28 |
| कार, जीप, वैन (LMV) | ₹2.50 |
| हल्के कॉमर्शियल वाहन / मिनी बस | ₹4.05 |
| बस और ट्रक | ₹8.20 |
| मल्टीएक्सल / भारी मशीनरी | ₹12.60 |
| ओवरसाइज वाहन | ₹16.10 |
अनुमान के मुताबिक, मेरठ से प्रयागराज तक कार से यात्रा करने पर कुल टोल लगभग ₹1500 के आसपास होगा।
बीजेपी प्रवक्ता अवनीश त्यागी के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रयागराज और गाजियाबाद के बीच की दूरी तय करने में करीब 2 घंटे की सीधी बचत होगी। जहां पहले पुराने रास्तों और ट्रैफिक जाम के कारण 10-12 घंटे लगते थे, वहीं अब 120 किमी/घंटा की रफ्तार से यह सफर बेहद आसान हो जाएगा।
यह एक्सप्रेसवे न केवल औद्योगिक निवेश और 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा देगा, बल्कि आस्था के केंद्रों को भी करीब लाएगा। अब श्रद्धालु गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम और त्रिवेणी संगम जैसे तीर्थ स्थलों तक बहुत कम समय में पहुंच सकेंगे। हापुड़, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, और उन्नाव जैसे 12 जिलों के लिए यह कॉरिडोर एक 'गेमचेंजर' साबित होने वाला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0