50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर, मुठभेड़ में 4 पुलिसकर्मी भी घायल

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर। 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में मारा गया, 4 पुलिसकर्मी घायल।

Apr 30, 2026 - 11:40
 0  0
50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर, मुठभेड़ में 4 पुलिसकर्मी भी घायल

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड (ट्रिपल मर्डर) के मुख्य आरोपी जीतू सैनी का अंत हो गया है। गुरुवार तड़के सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास हुई एक भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने जीतू सैनी को ढेर कर दिया। इस क्रॉस फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

कैसे हुई मुठभेड़?
मिली जानकारी के मुताबिक, खुर्जा कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को सिकंदरपुर पुल के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 50 हजार का इनामी बदमाश जीतू सैनी पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस टीम पर भी हुआ जानलेवा हमला
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलियों से पुलिस टीम भी दहल गई। फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक को गोली लगी है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, खुर्जा कोतवाल रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार की जान बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचा ली। दोनों की जैकेट में गोली लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

क्या था मामला?
यह पूरा विवाद 25 अप्रैल को खुर्जा नगर के आरजेएस फिटनेस जिम में शुरू हुआ था। वहां पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, भतीजे आकाश और अमनदीप की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस चर्चित हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था। पुलिस ने इस मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिनमें से पांच पहले ही पकड़े जा चुके थे।

एसएसपी का बयान
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि मारे गए बदमाश पर डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। जीतू सैनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है, क्योंकि मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें दिन-रात जुटी हुई थीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0