'पड़ोसी प्रथम': ₹100 अरब के विकास पैकेज से चमकेगा भूटान, भारत और भूटान के बीच 5वीं वार्ता संपन्न

थिम्पू में आयोजित 5वीं भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता में 13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत ₹100 अरब के विकास पैकेज की समीक्षा की गई। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कई नई परियोजनाओं को मंजूरी दी।

Jul 31, 2026 - 17:11
0 4
'पड़ोसी प्रथम': ₹100 अरब के विकास पैकेज से चमकेगा भूटान, भारत और भूटान के बीच 5वीं वार्ता संपन्न

थिम्पू। भारत और भूटान ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को नया आयाम देते हुए भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना (2024-2029) के तहत 100 अरब रुपये की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। थिम्पू में आयोजित 5वीं 'भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता' (प्लान टॉक्स) के दौरान भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और भूटान के विदेश सचिव पेमा लेक्तुप दोरजी ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भूटान के राजा, प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे और विदेश मंत्री ल्योंपो डी.एन. ढुंगेल से मुलाकात की। इस दौरान ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, कृषि, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।

भारत सरकार ने 332 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 नई परियोजना (PTA) को मंजूरी दी है, जिससे 13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत स्वीकृत कुल परियोजनाओं की संख्या 82 (कुल लागत 6,860 करोड़ रुपये) हो गई है। इसके साथ ही, भारत ने विभिन्न विकासात्मक सहायता योजनाओं के तहत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर प्रगति का जायजा लिया।

बैठक के दौरान थिम्पू इकोलॉजिकल पार्क और ओलाखा पार्क का वर्चुअल उद्घाटन किया गया, वहीं ई-मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए भूटान को 45 इलेक्ट्रिक वाहन सौंपे गए। यह कदम भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति (Neighbourhood First Policy) के तहत भूटान के सतत और समग्र विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User