कोखराज समाधान दिवस: नायब तहसीलदार व एसओ ने सुनीं शिकायतें, काम में लापरवाही पर लेखपालों को दी कड़ी चेतावनी
कोखराज थाने में समाधान दिवस पर नायब तहसीलदार अपर्णा श्रीवास्तव व एसओ संतोष शर्मा ने जनसुनवाई की। टालमटोल और लापरवाही बरतने वाले लेखपालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
कौशाम्बी (कोखराज): जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोखराज थाना परिसर में 'थाना समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता सिराथू की नायब तहसीलदार अपर्णा श्रीवास्तव और थाना प्रभारी (एसओ) संतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
इलाके में लगातार बढ़ रहे भूमि विवादों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने मातहतों को सख्त निर्देश दिए। एसओ संतोष शर्मा ने फरियादियों की समस्याओं में टालमटोल की रवैये पर भारी नाराजगी जताई। उन्होंने थाना परिसर में औपचारिकता निभाकर बाहर घूमने और फरियादियों को गुमराह करने वाले लेखपालों को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट किया कि यदि जनसुनवाई के बाद भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना पड़ा, तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सीधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नायब तहसीलदार अपर्णा श्रीवास्तव ने निर्देश दिया कि राजस्व से संबंधित सभी विवादों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर समस्याओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि एक ही मामले को लेकर पीड़ितों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
इस समाधान दिवस के अवसर पर शहजादपुर चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह, लेखपाल देवेंद्र सिंह, नेहा जैन, अनुराधा वर्मा, दिलीप कुमार, सूरज मिश्रा सहित राजस्व विभाग व पुलिस बल के अन्य कर्मचारी तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)