बूथ स्तर पर सेवा और सुशासन का संदेश पहुंचाएंगे कार्यकर्ता: अनिल श्रीवास्तव
भाजपा यमुनापार जिले में 'सेवा पखवाड़ा' अभियान का आगाज हुआ। पीएम मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक चलेगा यह अभियान।

(आंनदी मेल ब्यूरो)
प्रयागराज : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर से शुरू होने वाले 'सेवा पखवाड़ा' अभियान को लेकर प्रयागराज के यमुनापार जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन संघर्ष और सेवाभाव हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश में सेवा, सुशासन और पारदर्शिता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी कल्पना आजादी के बाद किसी ने नहीं की थी।
श्री श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस पखवाड़े के दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और सेवा के कार्यों में जुट जाएं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 'वोकल फॉर लोकल' को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और दिव्यांगजनों का सम्मान जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी व्यक्ति का सम्मान उसके कार्यों से ही होता है। यदि कार्यकर्ता मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, तो विरोधी भी उन्हें सम्मान देने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए भाजपा यमुनापार जिले के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने इसे कार्यकर्ताओं के लिए एक सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ सेवा कार्य नहीं है, बल्कि इसके जरिए हम जनता के बीच भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यमुनापार के 1433 बूथों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा, 17 से 21 सितंबर तक युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 'वोकल फॉर लोकल' पर आधारित कार्यक्रम होंगे और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर आत्मनिर्भर भारत और चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
इस दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री और अभियान के संयोजक पुष्पराज सिंह पटेल ने किया, जबकि आभार जिला मंत्री कृष्ण दास गुप्ता 'नाथू' ने व्यक्त किया। कार्यशाला में पूर्व अपर महाधिवक्ता और इलाहाबाद लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी, कोरांव विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, विनोद प्रजापति, कमलेश त्रिपाठी, राजमणि पासवान, सुभाष सिंह पटेल, चेयरमैन ओमप्रकाश केशरी, छेदीलाल कोटार्य और सतीश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?






