श्रद्धांजलि: महाराष्ट्र के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री दत्ता जी मेघे की अस्थियां संगम में विसर्जित
महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और पूर्व राज्य मंत्री दत्ता जी मेघे की अस्थियों का प्रयागराज संगम में विधि-विधान से विसर्जन
प्रयागराज: महाराष्ट्र की राजनीति के स्तंभ और पूर्व राज्य मंत्री दत्ता जी मेघे की अस्थियों का रविवार को तीर्थराज प्रयाग के पावन संगम में पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। 89 वर्ष की आयु में 22 मार्च को उनका निधन हो गया था, जिसके बाद उनके परिजन अस्थि कलश लेकर प्रयागराज पहुँचे।
दत्ता जी मेघे महाराष्ट्र की राजनीति का एक बड़ा चेहरा थे। उन्होंने चार बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सदस्य के रूप में संसद में नागपुर और महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं।
अस्थि कलश लेकर उनके पुत्र एवं वर्तमान विधायक समीर मेघे तथा पूर्व विधायक सागर मेघे अन्य परिजनों के साथ प्रयागराज पहुँचे। यहाँ फूलपुर के विधायक दीपक पटेल ने उनकी अगवानी की। विधायक दीपक पटेल की उपस्थिति में तीर्थ पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई।
विधायक दीपक पटेल के मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि इस भावुक क्षण में महाराष्ट्र और स्थानीय राजनीति से जुड़े कई दिग्गज मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से:
- महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र मूलक
- न्यायाधीश संजय सिंह
- विधायक अभिजीत बंजारी
- किरण पांडव और मुकेश सिंह राणा
- पार्षद अरुण मिश्र और भूपेन्द्र पांडेय
संगम तट पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके द्वारा समाज व राजनीति में दिए गए योगदान को याद किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0