कूड़ा बीनने वाले हाथों में थमीं किताबें: इफको महिला चेतना क्लब ने संवारा 50 बच्चों का भविष्य

इफको फूलपुर महिला चेतना क्लब ने वंचित बच्चों को बांटे स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री, 50 छात्रों की भरी ट्यूशन फीस

Mar 29, 2026 - 20:51
 0  26
कूड़ा बीनने वाले हाथों में थमीं किताबें: इफको महिला चेतना क्लब ने संवारा 50 बच्चों का भविष्य

प्रयागराज (घियानगर): समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ रविवार को इफको कम्युनिटी सेंटर, घियानगर में एक भावुक और प्रेरणादायी कार्यक्रम संपन्न हुआ। इफको फूलपुर महिला चेतना क्लब ने ‘एक पहल शिक्षा समिति’ के सहयोग से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री वितरित कर उनके सपनों को नए पंख दिए।

ये वे बच्चे हैं जो कभी अपने परिवार के साथ कूड़ा बीनने जैसे कार्यों में लगे थे और जिनके पास रहने को स्थायी छत तक नहीं है। महिला चेतना क्लब की इस पहल ने न केवल उन्हें संसाधन दिए, बल्कि कक्षा 9 से 12 तक के 50 विद्यार्थियों की छह माह की ट्यूशन फीस का भार उठाकर उनकी पढ़ाई की निरंतरता भी सुनिश्चित की।

क्लब की अध्यक्षा सरिता सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के संघर्षपूर्ण जीवन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा:

"जन्म किस परिवार में हो, यह हमारे वश में नहीं, लेकिन मेहनत से भविष्य संवारना हमारे हाथ में है। कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।"

नई किताबें और बैग पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सचिव किरण बड़वर ने किया। इस अवसर पर सामाजिक सचिव गीता सिंह, कोषाध्यक्ष नीरू सक्सेना सहित विशिष्ट अतिथि नूपुर पाराशर, रेखा जायसवाल और पुष्पा यादव उपस्थित रहीं।

‘एक पहल शिक्षा समिति’ के संस्थापक सदस्य विवेक दुबे ने क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से इन बच्चों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसी सामाजिक गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0