हॉलीवुड के पर्दे पर दिखेगी बागपत की 'जांबाज जासूस नीरा आर्य
बागपत की वीर बेटी और आजाद हिंद फौज की जासूस नीरा आर्य पर बनेगा 200 करोड़ का हॉलीवुड प्रोजेक्ट।
बागपत: इतिहास के पन्नों में दबी भारत की पहली महिला जासूस और आजाद हिंद फौज (INA) की निडर सिपाही नीरा आर्य की शौर्यगाथा अब पूरी दुनिया देखेगी। अमेरिकी प्रोडक्शन हाउस अरबाना इलिनॉयस ने नीरा आर्य के जीवन पर आधारित एक भव्य फिल्म बनाने का निर्णय लिया है। इस फिल्म का बजट लगभग ₹200 करोड़ होने का अनुमान है, जिसे हिंदी और अंग्रेजी समेत कई अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
हाल ही में फिल्म के निर्देशक अजय पुलपति, मंडाला राजकुमार और जरपुल्ला लिंगा स्वामी ने बागपत के खेकड़ा स्थित 'नीरा आर्य शोध संस्थान' का दौरा किया। टीम ने नीरा आर्य से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों, उनके निवास स्थानों और निजी वस्तुओं का बारीकी से अध्ययन किया। निर्देशक अजय पुलपति ने बताया कि इस कहानी की प्रामाणिकता के लिए लंदन में रखे ब्रिटिश काल के उन दस्तावेजों को भी खंगाला गया है, जिन्हें अंग्रेज भारत छोड़ते समय अपने साथ ले गए थे।
नीरा आर्य की कहानी रोंगटे खड़े कर देने वाली है। बागपत के खेकड़ा में जन्मी नीरा अनाथ होने के बाद कोलकाता पहुंचीं, जहां उनका विवाह ब्रिटिश सेना के सीआईडी इंस्पेक्टर जय रंजन से हुआ। जय रंजन को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की हत्या का काम सौंपा गया था। जब नीरा को पता चला कि उनके पति नेताजी की जान लेना चाहते हैं, तो उन्होंने बिना झिझके अपने ही पति के सीने में संगीन उतार दी।
"जब नेताजी को पता चला कि नीरा ने देश और अपने कमांडर के लिए अपने सुहाग का बलिदान दे दिया, तो उन्होंने उन्हें प्यार से 'नागिन' की उपाधि दी और आजाद हिंद फौज के गुप्तचर विभाग की कमान सौंपी।"
फिल्म में नीरा आर्य द्वारा अंडमान की सेलुलर जेल (कालापानी) में सही गई बर्बर यातनाओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। ब्रिटिश अधिकारियों ने उनसे नेताजी का पता उगलवाने के लिए उनके एक वक्ष (Breast) को कटर से काट दिया था, लेकिन इस वीरांगना ने अपना मुंह नहीं खोला।
निर्देशक ने पुष्टि की है कि फिल्म का एक बड़ा हिस्सा बागपत के खेकड़ा में शूट किया जाएगा। इसमें नीरा आर्य की अंतिम बार अपने गांव की यात्रा और स्थानीय निवासी चौधरी मेहूं डूंगर के परिवार के साथ उनकी मार्मिक मुलाकात के दृश्यों को फिल्माया जाएगा। यह फिल्म न केवल एक अनकही ऐतिहासिक गाथा को सामने लाएगी, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय नारी शक्ति की एक नई मिसाल पेश करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0