प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: अस्पताल से फरार पाक्सो एक्ट का दरिंदा मुठभेड़ में ढेर, दोनों पैरों में लगी गोली
प्रयागराज अस्पताल से फरार 3 वर्षीय बच्ची से हैवानियत करने वाला आरोपी जलालुद्दीन प्रतापगढ़ पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार।
(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अस्पताल से फरार हुए दुराचारी अपराधी जलालुद्दीन उर्फ डब्बू को शनिवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, कुंडा कोतवाली क्षेत्र के रहवई गांव निवासी 50 वर्षीय जलालुद्दीन ने एक सप्ताह पूर्व मानिकपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया था। उसने अपने ही दोस्त के घर शराब पीने के बाद उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी के साथ अमानवीय हैवानियत की थी। इस मामले में मानिकपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
आरोपी को पुलिस ने बीते सोमवार को गिरफ्तार किया था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसे स्वरूप रानी नेहरू (SRN) चिकित्सालय, प्रयागराज में भर्ती कराया गया था। 21 अप्रैल को जलालुद्दीन पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया था। इस बड़ी लापरवाही पर ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था और प्रयागराज कमिश्नरेट में मामला दर्ज हुआ था।
फरार अपराधी पुलिस के लिए साख का सवाल बन गया था। शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने वकील से मिलने के लिए करेंटी क्षेत्र की ओर आ रहा है। मानिकपुर पुलिस ने तुरंत करेंटी तिराहे पर नाकेबंदी कर दी।
मुठभेड़ की स्थिति: जैसे ही पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई: आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में जलालुद्दीन के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
उपचार: पुलिस ने घायल अवस्था में उसे कालाकांकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रतापगढ़ पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जघन्य अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0