कानपुर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का शौर्य स्वाभिमान सम्मेलन: एकजुटता और समान अधिकार की उठी मांग
कानपुर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित शौर्य स्वाभिमान सम्मेलन में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, स्वाभिमान, समान अधिकार तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। #क्षत्रिय_महासभा #कानपुर_न्यूज #शौर्य_स्वाभिमान_सम्मेलन #क्षत्रिय_समाज #कानपुर_समाचार #समान_अधिकार
कानपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, कानपुर मंडल के तत्वावधान में कल्याणपुर स्थित केशवपुरम, आवास विकास में 'शौर्य स्वाभिमान सम्मेलन' का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस सम्मेलन में देश भर से संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरवंश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बादशाह सिंह उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरवंश सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास हमेशा से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का रहा है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में समाज को बांटने की कोशिशें की जा रही हैं, जो देश के लिए हितकर नहीं हैं। उन्होंने सभी से आपसी एकजुटता बनाए रखकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय इतिहास में जाति व्यवस्था का आधार कार्य और दायित्व थे। उन्होंने जातिगत कानूनों, आरक्षण और यूजीसी के कुछ प्रावधानों पर असंतोष व्यक्त करते हुए इन्हें वापस लेने तथा देश में समान अधिकार व समान कानून लागू करने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को 'विश्व गुरु' के पद पर पुनर्स्थापित करने के लिए योग्यता आधारित पारदर्शी व्यवस्था बेहद आवश्यक है।
राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने वर्ष 1897 में स्थापित महासभा के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए बताया कि अखंड भारत के निर्माण के लिए क्षत्रिय समाज ने अपनी रियासतों, जमीनों और किलों का सहर्ष त्याग किया था। उन्होंने सनातन परंपरा, हिंदुत्व और देश की रक्षा में दिए गए ऐतिहासिक बलिदानों का उल्लेख करते हुए अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
नई नियुक्तियां एवं काव्य पाठ: कार्यक्रम के दौरान डॉ. माया सिंह को मंडल अध्यक्ष (वीरांगना सभा) के पद पर मनोनीत किया गया। इसके साथ ही संगठन का विस्तार करते हुए हरवीर सिंह सेंगर को औरैया, भानु प्रताप सिंह को कानपुर देहात तथा दिनेश सिंह को महोबा का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया।
सम्मेलन में डॉ. शोभा सिंह, डॉ. सुषमा सिंह, अजीत सिंह राठौर और डॉ. वीना सिंह ने देशभक्ति व समाज चेतना पर शानदार काव्य पाठ प्रस्तुत किया। मंच संचालन बीपी सिंह ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री धीरेन्द्र भदौरिया, अवध क्षेत्र अध्यक्ष वीरपाल सिंह, पूर्वांचल अध्यक्ष विनोद सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
(संजय शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)